छत्तीसगढ़, 5जून| CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून का इंतजार अब ज्यादा लंबा नहीं लग रहा है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के केरल पहुंचने के बाद अब इसकी आगे की चाल तेज हो गई है और इसका असर धीरे-धीरे मध्य भारत के मौसम पर दिखने लगा है। प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम पूरी तरह बदल गया है।
रायगढ़ समेत कई जिलों में देर रात हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आई है। वहीं मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए राज्य में सतर्कता बरतने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।
तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। गरज-चमक के साथ बारिश होने की पूरी संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
पिछले 24 घंटों में रायपुर और राजनांदगांव राज्य के सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा। दूसरी ओर छोटेडोंगर, मैनपाट और अंबिकापुर में हल्की बारिश भी दर्ज की गई।
मानसून की प्रगति
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। यदि यही रफ्तार बनी रही, तो अगले सप्ताह से छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियां और तेज हो सकती हैं, जिससे राज्य में मानसून के प्रवेश का रास्ता साफ होगा।
लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें और बिजली चमकने के समय सावधानी बरतें।
