दुर्ग, 4जून| Ebola Virus: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में इबोला वायरस रोग को लेकर एहतियाती अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने कांगो, युगांडा और इथियोपिया से आए तीन व्यक्तियों को संदिग्ध मानते हुए उनकी निगरानी शुरू कर दी है।
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार से इनपुट मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। बताया गया है कि एक व्यक्ति कांगो से मुंबई होते हुए दुर्ग पहुंचा था, जबकि दो अन्य अलग-अलग हवाई मार्गों से सीधे जिले में आए हैं। सभी तीनों व्यक्तियों को फिलहाल होम आइसोलेशन में रखा गया है और स्वास्थ्य विभाग उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
दुर्ग जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी भी व्यक्ति में गंभीर लक्षण नहीं पाए गए हैं और उनकी स्थिति सामान्य बनी हुई है। इसके बावजूद संक्रमण की आशंका को देखते हुए निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी गई है।
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने पुष्टि की है कि एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य टीमों को अलर्ट पर रखा गया है और आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी बरतना जरूरी है।
