CAAQMS : तकनीकी नवाचार से सशक्त हो रहा पर्यावरण संरक्षण… ड्रोन निगरानी, स्मार्ट मॉनिटरिंग और हरित विकास की दिशा में छत्तीसगढ़ की नई पहल

CAAQMS : तकनीकी नवाचार से सशक्त हो रहा पर्यावरण संरक्षण… ड्रोन निगरानी, स्मार्ट मॉनिटरिंग और हरित विकास की दिशा में छत्तीसगढ़ की नई पहल

रायपुर, 05 जून। CAAQMS : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में तकनीकी नवाचारों की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव के बीच आधुनिक तकनीकें पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने का प्रभावी माध्यम बनकर उभरी हैं। छत्तीसगढ़ में भी पर्यावरणीय शासन को तकनीक से जोड़कर संरक्षण और विकास के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहलें की जा रही हैं।

ड्रोन आधारित निगरानी से प्रदूषण नियंत्रण को मिली गति

पर्यावरणीय निगरानी में ड्रोन तकनीक का उपयोग नई क्रांति साबित हो रहा है। अत्याधुनिक सेंसरों से लैस ड्रोन अब वायु और जल प्रदूषण की निगरानी, औद्योगिक उत्सर्जन का विश्लेषण, प्रदूषण प्रभावित क्षेत्रों की मैपिंग तथा अवैध अपशिष्ट निस्तारण की पहचान जैसे कार्य तेजी और सटीकता से कर रहे हैं। इससे प्रदूषण स्रोतों की पहचान और सुधारात्मक कार्रवाई पहले की तुलना में अधिक प्रभावी हो गई है।

स्मार्ट मॉनिटरिंग सिस्टम से चौबीसों घंटे निगरानी

राज्य में कंटीन्यूअस एम्बिएंट एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग सिस्टम (CAAQMS) के माध्यम से वायु गुणवत्ता की लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं उद्योगों में कंटीन्यूअस एमिशन मॉनिटरिंग सिस्टम (CEMS) लागू कर उत्सर्जन पर नजर रखी जा रही है। इन प्रणालियों से पर्यावरणीय मानकों के पालन को सुनिश्चित करने के साथ पारदर्शिता और जवाबदेही भी बढ़ी है।

GPS ट्रैकिंग और आधुनिक प्रयोगशालाओं से मजबूत हुई व्यवस्था

खतरनाक औद्योगिक अपशिष्टों के सुरक्षित परिवहन और निपटान के लिए GPS आधारित ट्रैकिंग प्रणाली लागू की गई है। इसके साथ ही अत्याधुनिक पर्यावरण प्रयोगशालाएं वायु, जल, मिट्टी और अपशिष्टों की वैज्ञानिक जांच कर पर्यावरणीय निर्णयों को अधिक सटीक बना रही हैं। मोबाइल प्रयोगशालाएं भी त्वरित निरीक्षण और परीक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

जनभागीदारी और हरित भविष्य का रोडमैप

पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने के उद्देश्य से राज्य में ईको-क्लब, वृक्षारोपण, जल संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त अभियान जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। “विजन 2030” के तहत स्मार्ट मॉनिटरिंग, डिजिटल पर्यावरणीय प्रबंधन और जनसहभागिता आधारित मॉडल विकसित किए जा रहे हैं, जिससे आने वाले वर्षों में स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके।

प्रकृति और प्रगति के संतुलन की ओर बढ़ता छत्तीसगढ़

ड्रोन तकनीक, स्मार्ट निगरानी प्रणाली, GPS ट्रैकिंग, आधुनिक प्रयोगशालाओं और जनभागीदारी आधारित अभियानों के माध्यम से छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण की नई दिशा तय कर रहा है। ये प्रयास न केवल प्रदूषण नियंत्रण को मजबूत बना रहे हैं, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, सुरक्षित जल और बेहतर जीवन गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मजबूत नींव भी तैयार कर रहे हैं।

विश्व पर्यावरण दिवस विशेष : तकनीकी नवाचार से सशक्त हो रहा पर्यावरण संरक्षण

राज्य खबर स्पेशल