भाजपा विधायक को नितिन नवीन का पीए बनकर लगाया 10 हजार का चूना

भाजपा विधायक को नितिन नवीन का पीए बनकर लगाया 10 हजार का चूना

रायपुर, 26मई। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसमें ठगों ने भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा को निशाना बना लिया। आरोपियों ने खुद को भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिहार सरकार में मंत्री नितिन नवीन का निजी सहायक बताकर यह ठगी की।

कैसे हुआ पूरा फ्रॉड

जानकारी के अनुसार, आरोपी ने विधायक पुरंदर मिश्रा को फोन किया और खुद को नितिन नवीन का पीए बताया। बातचीत के दौरान उसने कहा कि गाड़ी में तुरंत डीजल भरवाना है और इसके लिए तत्काल पैसों की जरूरत है।

राजनीतिक पहचान और भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने विधायक को विश्वास में ले लिया। बताया गया कि ठगी की रकम दो बार में ट्रांसफर कराई गई पहली बार 4,500 रुपये दूसरी बार 5,500 रुपये कुल मिलाकर 10,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए गए। यह रकम विधायक के निर्देश पर उनके एक सहयोगी ने भेजी।

दोबारा मांग पर हुआ शक

कुछ समय बाद आरोपी ने फिर से पैसे मांगे, जिसके बाद संदेह हुआ। जांच करने पर सामने आया कि फोन करने वाला व्यक्ति फर्जी था और किसी भी तरह से नितिन नवीन का पीए नहीं था। इसके बाद मामले की शिकायत खम्हारडीह थाने में दर्ज कराई गई।

साइबर पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। मोबाइल नंबर, बैंक खाते और ट्रांजेक्शन डिटेल की जांच की जा रही है। साइबर क्राइम टीम अब कॉल और बैंकिंग ट्रेल के जरिए आरोपी की लोकेशन का पता लगाने में जुटी है।

 

 

Breaking News