रायपुर, 23मई| रायपुर के भाठागांव बस स्टैंड क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8.122 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
बस स्टैंड इलाके में घेराबंदी कर गिरफ्तारी
टिकरापारा थाना क्षेत्र में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली थी कि भाठागांव बस स्टैंड स्थित शुलभ शौचालय के पास दो संदिग्ध युवक नशीले पदार्थ की बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।तलाशी के दौरान उनके पास अलग-अलग पैकेटों में रखा कुल 8.122 किलो गांजा बरामद हुआ।
राजस्थान के टोंक जिले के रहने वाले आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान दिलशेर खान (39) और कसीम अली (27), निवासी टोंक, राजस्थान के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
टिकरापारा थाना पुलिस अब यह जांच कर रही है कि यह गांजा किस तस्करी नेटवर्क के जरिए रायपुर तक पहुंचाया गया और इसे किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई डीसीपी (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देश और एडीसीपी राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में की गई, जबकि एसीपी टिकरापारा नवनीत पाटिल की निगरानी में अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि राजधानी में बाहरी राज्यों से आने वाले नशा तस्करों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे अभियानों को आगे भी जारी रखा जाएगा, ताकि नशे के नेटवर्क पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
