CM Vishnu Deo Sai का बड़ा एक्शन…! खाद वितरण गड़बड़ी पर अधिकारी सस्पेंड…पेयजल संकट पर कलेक्टरों को चेतावनी

CM Vishnu Deo Sai का बड़ा एक्शन…! खाद वितरण गड़बड़ी पर अधिकारी सस्पेंड…पेयजल संकट पर कलेक्टरों को चेतावनी

रायपुर, 22 मई। CM Vishnu Deo Sai ने सुशासन तिहार के तहत आज सूरजपुर, कोरिया और एमसीबी जिले का औचक दौरा कर सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जमीनी हकीकत परखी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं, वहीं अधिकारियों की लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए सख्त कार्रवाई के संकेत भी दिए।

मुख्यमंत्री ने तीनों जिलों के दौरे के बाद चिरमिरी स्थित एसईसीएल के तानसेन भवन में समीक्षा बैठक ली। बैठक के दौरान पेयजल संकट, खराब शालेय परीक्षा परिणाम और खाद वितरण में गड़बड़ी को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों पर नाराजगी जताई।

सबसे बड़ी कार्रवाई कोरिया जिले में किसानों को खाद वितरण में अनियमितता सामने आने पर हुई, जहां सहायक आयुक्त एवं सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं आयुष प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री के इस सख्त फैसले से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।

पेयजल संकट पर कलेक्टरों को चेतावनी

मुख्यमंत्री साय ने कलेक्टरों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिन इलाकों में पेयजल संकट है, वहां टैंकरों के माध्यम से नियमित पानी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित कलेक्टर सीधे जिम्मेदार होंगे।

स्कूलों के खराब परीक्षा परिणाम पर भी मुख्यमंत्री ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को आगामी शिक्षा सत्र के लिए बेहतर कार्ययोजना बनाने और स्कूलों में अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पढ़ाई की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखी जाए ताकि परीक्षा परिणाम में सुधार हो सके।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री का मानवीय चेहरा भी देखने को मिला। सूरजपुर जिले के ग्राम रामपुर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीयता से मुलाकात की, तेंदूपत्ता संग्राहक महिलाओं को अपने हाथों से चरण पादुका पहनाई, बच्चों का अन्नप्राशन कराया और उनका नामकरण भी किया।

मुख्यमंत्री ने बरसात से पहले मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर भी अधिकारियों को अलर्ट किया। उन्होंने सभी पेयजल स्रोतों की साफ-सफाई और क्लोरीनेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्यों को गुणवत्ता और समय-सीमा के साथ पूरा कराने के आदेश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, विशेष सचिव एवं आयुक्त जनसंपर्क रजत बंसल सहित तीनों जिलों के कलेक्टर, एसपी, डीएफओ और जिला पंचायत सीईओ मौजूद रहे।

राज्य खबर