Har Ghar Jal से बदली बहादुरपुर की तस्वीर… नल से पानी पहुंचने पर बेटियों को मिला पढ़ाई का समय… 96 घरों तक पहुंची शुद्ध पेयजल सुविधा

Har Ghar Jal से बदली बहादुरपुर की तस्वीर… नल से पानी पहुंचने पर बेटियों को मिला पढ़ाई का समय… 96 घरों तक पहुंची शुद्ध पेयजल सुविधा

रायपुर, 06 मई। Har Ghar Jal : ग्रामीण विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि के रूप में ‘हर घर जल’ अभियान ने महासमुंद जिले के ग्राम बहादुरपुर की तस्वीर ही बदल दी है। जल जीवन मिशन के तहत गांव के सभी 96 परिवारों को अब घर-घर नल से शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो रहा है। इस पहल ने न केवल जल संकट को खत्म किया है, बल्कि महिलाओं और खासकर बेटियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

पानी की चिंता खत्म, पढ़ाई को मिला नया समय

गांव की छात्रा उर्वशी बताती हैं कि पहले पानी लाने के लिए दूर जाना पड़ता था, जिससे पढ़ाई प्रभावित होती थी और थकान भी होती थी। अब घर में ही पानी मिलने से उनका समय बच रहा है और वे नियमित रूप से स्कूल जा पा रही हैं। यह बदलाव गांव की अन्य बेटियों के लिए भी शिक्षा की राह आसान बना रहा है।

महिलाओं को श्रम से राहत, जीवन हुआ सरल

पहले जहां महिलाएं रोजाना पानी लाने के लिए घंटों मेहनत करती थीं, वहीं अब नल से पानी मिलने के कारण उन्हें इस कठिन श्रम से मुक्ति मिल गई है। बचा हुआ समय अब वे परिवार, बच्चों की पढ़ाई और आय बढ़ाने वाले कार्यों में लगा रही हैं, जिससे उनका जीवन स्तर बेहतर हुआ है।

56.40 लाख की लागत से तैयार हुआ मजबूत जल ढांचा

योजना के तहत 56.40 लाख रुपये की लागत से 40 किलोलीटर क्षमता का ओवरहेड टैंक बनाया गया है और गांव में लगभग 2055 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है। इस मजबूत जल संरचना के कारण भीषण गर्मी में भी गांव में पानी की कोई कमी नहीं है।

सामुदायिक भागीदारी से बना स्थायी मॉडल

इस योजना की सफलता में स्थानीय नेतृत्व और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी अहम रही है। जल आपूर्ति के सुचारू संचालन के लिए ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति का गठन किया गया है। साथ ही, प्रत्येक परिवार से 50 रुपये मासिक जल कर लिया जा रहा है, जिससे रखरखाव और मरम्मत कार्य समय पर सुनिश्चित हो सके।

बहादुरपुर गांव अब इस बात का उदाहरण बन चुका है कि जब सरकारी योजनाएं सही तरीके से लागू होती हैं और समुदाय का सहयोग मिलता है, तो वे ग्रामीण जीवन में व्यापक बदलाव ला सकती हैं। जल जीवन मिशन ने यहां न केवल पानी की समस्या हल की है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और जीवन स्तर को भी नई दिशा दी है।

राज्य खबर स्पेशल