Gambling Case : वर्दी की साख पर दाग…! जुए के फड़ का वीडियो वायरल…टीआई सहित दो पुलिसकर्मी सस्पेंड

Gambling Case : वर्दी की साख पर दाग…! जुए के फड़ का वीडियो वायरल…टीआई सहित दो पुलिसकर्मी सस्पेंड

सूरजपुर, 07 अप्रैल। Gambling Case : जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुमेली घाट के जंगलों में संचालित हो रहे अवैध जुए के फड़ का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी और एक आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, 5 और 6 अप्रैल को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और यूट्यूब सहित प्रिंट मीडिया में एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में कुमेली घाट के जंगलों में बड़ी संख्या में लोग जुआ खेलते नजर आए। चौंकाने वाली बात यह रही कि इस अवैध गतिविधि में पुलिस लाइन सूरजपुर में पदस्थ आरक्षक (चालक) पंकज सिंह भी जुआ खेलते हुए दिखाई दिया।

मामले में एसएसपी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि थाना क्षेत्र में इतने बड़े स्तर पर अवैध जुआ संचालित होना थाना प्रभारी की गंभीर लापरवाही अथवा संलिप्तता को दर्शाता है। इसे पदीय कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही और कदाचरण माना गया है।

कार्रवाई करते हुए रामानुजनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अलरिक लकड़ा को निलंबित कर रक्षित केंद्र (डीआरपी लाइन) सूरजपुर संबद्ध किया गया है। उनके विरुद्ध प्राथमिक जांच के लिए प्रेमनगर के एसडीओपी बेनार्ड कुजूर को नियुक्त किया गया है, जिन्हें 7 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।

वहीं, आरक्षक पंकज सिंह को भी पुलिस की छवि धूमिल करने और जुए में संलिप्तता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस मामले की जांच की जिम्मेदारी रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी को सौंपी गई है।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में खलबली मच गई है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण नहीं रखने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। निलंबन अवधि के दौरान दोनों पुलिसकर्मियों को नियमानुसार केवल गुजारा भत्ता ही देय होगा।

राज्य खबर