मुंगेली, 20 जनवरी। RIP Nandlal Pakra : राजस्थान और दिल्ली की निजी यात्रा के दौरान मुंगेली जिले के जरहागांव थाना प्रभारी नंदलाल पैकरा की दर्दनाक मौत हो गई। घटना राजस्थान के भरतपुर जिले में हुई। उनके असामयिक निधन से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर है।
ढाबे के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, नंदलाल पैकरा अपने साथियों के साथ निजी यात्रा पर थे। भरतपुर में एक ढाबे पर खाना पैक कराते समय वे सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान उनके हाथ में रखी रोटी पर कुछ कुत्तों ने झपट्टा मारा। कुत्तों से बचने के प्रयास में उन्हें संतुलन खो दिया और तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। हादसा इतना अचानक और भीषण था कि वे मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर दम तोड़ गए।
पुलिस ने की पुष्टि
मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने बताया कि थाना प्रभारी नंदलाल पैकरा निजी यात्रा पर थे। हादसे की सूचना मिलते ही भरतपुर पुलिस से संपर्क किया गया। वर्तमान में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

