बलौदाबाज़ार, 16 नवंबर। Big Action on Hospital : छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सा सेवाओं में लापरवाही और गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर बलौदाबाज़ार जिले के दो निजी अस्पतालों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उनके आयुष्मान भारत पंजीयन को तीन माह के लिए निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई अस्पतालों में आवश्यक सुविधाओं की कमी, मरीजों की देखरेख में खामियों और उपचार व्यवस्था में गंभीर गड़बड़ियाँ सामने आने के बाद की गई है।
इन अनियमितताओं को देखते हुए दोनों अस्पतालों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन नोटिस के जवाब संतोषजनक न पाए जाने पर राज्य कार्यालय को कार्रवाई की अनुशंसा भेजी गई। अनुशंसा के आधार पर राज्य नोडल एजेंसी ने आरोग्यम हॉस्पिटल और ओमकार हॉस्पिटल का आयुष्मान पंजीयन तीन माह के लिए सस्पेंड कर दिया है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि यह कार्रवाई स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत मरीजों को सुरक्षित, मानक आधारित व विश्वसनीय उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है।

