Shardiya Navratri 2024 3 Day
रायपुर। शारदीय नवरात्रि का तीसरा दिन आज 5 अक्टूबर शनिवार को है। इस दिन मां दुर्गा की तीसरे रूप चंद्रघंटा की पूजा जाती है। मां चंद्रघंटा की आराधना करने से घर में सुख, शांति और समृद्धि आती है। देवी मां के माथे पर घंटे के आकार का अर्धचंद्र सुशोभित होने के कारण ही इन्हें चंद्रघंटा के नाम से जाना जाता है।
माता चंद्रघंटा को देवी दुर्गा का उग्र रूप माना जाता है। ये तीसरी नवदुर्गा भी कहलाती हैं। मां पार्वती का यह रौद्र रुप है, जिन्होंने असुरों के संहार के लिए धारण किया था। मां चंद्रघंटा अपनी 10 भुजाओं में कमल, माला, कमंडल, चक्र, गदा, धनुष, तलवार, त्रिशूल आदि धारण करती हैं। उनका वाहन सिंह हैं और उनके माथे पर घंटे के समान चंद्रमा है। इस वजह देवी का नाम चंद्रघंटा है। तो आइए जानते हैं कि आज नवरात्रि के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा को क्या भोग लगाना चाहिए। साथ ही जानेंगे पूजा मंत्र के बारे में।
Shardiya Navratri 2024 3 Day
मां चंद्रघंटा की पूजा का शुभ मुहूर्त
वैदिक पंचांग के अनुसार, मां चंद्रघंटा की पूजा करने के लिए शुभ मुहूर्त सुबह 11 बजकर 46 मिनट से लेकर 12 बजकर 33 मिनट तक रहेगा। इस दौरान मां चंद्रघंटा की पूजा कर उन्हें भोग लगाया जा सकता है।
मां चंद्रघंटा का प्रिय भोग
आज नवरात्रि के तीसरे दिन माता चंद्रघंटा को गाय के दूध से बनी खीर का भोग लगाएं। खीर का भोग लगाने से जातक को सभी समस्याओं से छुटकारा मिलता है। इसके अलावा माता चंद्रघंटा को दूध से बनी मिठाई का भोग भी अर्पित कर सकते हैं।
मां चंद्रघंटा की पूजा विधि
- सबसे पहले स्नान करें और नए या साफ वस्त्र धारण करें।
- देवी की मूर्ति को चौकी या अपने पूजा स्थान पर स्थापित करें।
- केसर, गंगा जल और केवड़ा से स्नान कराएं।
- फिर देवी को नए वस्त्र पहनाएं और उन्हें पीले फूल, चमेली, पंचामृत और मिश्री अर्पित करें।
- दीपक और धूप जलाएं।
- देवी खीर का भोग जरूर लगाएं।
- माता रानी के वैदिक मंत्रों का जाप करें।
- आरती से पूजा को पूर्ण करें।
- पूजा में हुई गलतियों के लिए क्षमा याचना करें।
Shardiya Navratri 2024 3 Day
मां चंद्रघंटा पूजा मंत्र
- मां चंद्रघंटा मंत्र- पिण्डज प्रवरारूढा चण्डकोपास्त्रकैर्युता। प्रसादं तनुते मह्यम् चन्द्रघण्टेति विश्रुता॥
- ॐ देवी चन्द्रघण्टायै नमः॥
शुभ रंग
इस दिन का शुभ रंग ग्रे है। यदि आप पूजा के दौरान यह शेड पहनते हैं, तो देवी आपको उत्साह प्रदान करेंगी। यह रंग सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर होता है और व्यक्ति को उत्साहित रखता है।
मां चंद्रघंटा की पूजा के फायदे
- देवी चंद्रघंटा की पूजा करने से दुश्मनों पर जीत हासिल होती है, मान-सम्मान और प्रभाव बढ़ता है।
- यश और कीर्ति के साथ मां चंद्रघंटा अपने भक्तों को मृत्यु के बाद मोक्ष भी प्रदान करती हैं।
- वैवाहिक जीवन में खुशहाली के लिए भी मां चंद्रघंटा की पूजा करते हैं।
- यदि आपकी कुंडली में शुक्र दोष है तो आप मां चंद्रघंटा की पूजा करें, धन, सुख, समृद्धि में बढ़ोत्तरी होगी। विवाह का योग बनेगा।
- जो व्यक्ति देवी चंद्रघंटा की पूजा करता है, उसके परिवार पर आने वाले संकट टल जाते हैं और संतान सुरक्षित रहती है।
Shardiya Navratri 2024 3 Day
मां चंद्रघंटा की कथा
पौराणिक कथाओं के अनुसार, मां दुर्गा का पहला रूप मां शैलपुत्री और दूसरा मां ब्रह्मचारिणी स्वरूप जो भगवान शंकर को प्राप्त करने के लिए माना जाता है। जब मां ब्रह्मचारिणी भगवान शंकर को पति रूप में प्राप्त कर लेती हैं तब वह आदिशक्ति के रूप में प्रकट होती है और चंद्रघंटा बन जाती हैं। मां दुर्गा ने मां चंद्रघंटा का अवतार तब लिया था जब संसार में दैत्यों का आतंक बढ़ने लगा था। साथ ही उस समय महिषासुर का भयंकर युद्ध देवताओं से चल रहा था। महिषासुर देवराज इंद्र का सिंहासन प्राप्त करना चाहता था। वह स्वर्ग लोक पर राज करने की इच्छा पूरी करने के लिए यह युद्ध कर रहा था।
जब देवताओं को महिषासुर इच्छा का पता चला तो वे परेशान हो गए और भगवान ब्रह्मा, विष्णु और महेश के सामने पहुंचे। ब्रह्मा, विष्णु और महेश ने देवताओं की बात सुनकर क्रोध प्रकट किया और क्रोध आने पर उन तीनों के मुख से जो ऊर्जा निकली। उस ऊर्जा से एक देवी अवतरित हुईं। उस देवी को भगवान शंकर ने अपना त्रिशूल, भगवान विष्णु ने अपना चक्र, इंद्र ने अपना घंटा, सूर्य ने अपना तेज और तलवार और सिंह प्रदान किया। इसके बाद मां चंद्रघंटा ने महिषासुर का वध कर देवताओं की रक्षा की।