Paris Paralympics 2024
पेरिस ओलंपिक 2024 खत्म होने के बाद अब भारतीय एथलीट पेरिस पैरालंपिक 2024 में धमाल मचाने के लिए तैयार हैं। पेरिस में ही बुधवार 28 अगस्त से पैरालंपिक गेम्स 2024 की शुरुआत होने जा रही है। हर बार की तरह पेरिस में भी दुनियाभर के दिग्गज पैरा-एथलीट हिस्सा लेंगे, जो अपनी-अपनी शारीरिक सीमाओं और परेशानियों को पीछे छोड़कर जबरदस्त मुकाबला करते हुए अपने-अपने देश का नाम रोशन करेंगे।

इस बार पैरालंपिक में भारत के 84 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। 28 अगस्त से 9 सितंबर तक पेरिस पैरालंपिक का आयोजन हो रहा है। इस बार भारतीय एथलीट टोक्यो पैरालंपिक के मुकाबले ज्यादा पदक जीतना चाहेंगे। पेरिस पैरालंपिक 2024 का उद्घाटन समारोह आज रात 11:30 बजे होगा। पेरिस पैरालंपिक 2024 में भारत को सुमित अंतिल, अवनि लेखरा, मनीष नरवाल और कृष्णा नागर से गोल्ड मेडल की उम्मीद होगी। पिछली बार भी इन एथलीटों ने भारत को पदक दिलवाया था।

Paris Paralympics 2024
भारत ने पिछले साल हांगझोउ एशियाई पैरा खेलों में 29 स्वर्ण सहित 111 पदक जीते थे। इसके बाद मई में विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत ने आधा दर्जन स्वर्ण सहित 17 पदक जीते। एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले कई खिलाड़ी पैरालंपिक टीम में शामिल हैं।
बता दे कि 2020 टोक्यो पैरालंपिक्स में भारत ने 54 एथलीटों का दल भेजा था, जिन्होंने 9 खेलों में भाग लेकर कुल 19 मेडल जीते थे। इस बार भारतीय दल में एथलीटों की संख्या बढ़कर 84 हो गई है, और ये एथलीट कुल 12 खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले हैं। भारत के सबसे ज्यादा खिलाड़ी एथलेटिक्स में भाग लेते दिखेंगे, जिनकी संख्या 38 है। बैडमिंटन में 13 और शूटिंग में भी देश के 10 एथेलीट मेडल के लिए दावेदारी पेश करेंगे।

Paris Paralympics 2024
पेरिस 2024 पैरालंपिक में भारत का शेड्यूल
- 29 अगस्त : पैरा बैडमिंटन और पैरा तीरंदाजी, पैरा साइकिलिंग, पैरा शूटिंग, पैरा स्विमिंग, पैरा टेबल टेनिस और पैरा ताइक्वांडो
- 30 अगस्त : पैरा एथलेटिक्स, पैरा रोइंग
- 4 सितंबर : पैरा पावरलिफ्टिंग
- 5 सितंबर : पैरा जूडो
- 6 अगस्त : पैरा कैनो

भारत में कहां देखें लाइव
भारत में पेरिस 2024 पैरालंपिक की लाइव स्ट्रीमिंग Olympics.com पर उपलब्ध होगी। पेरिस 2024 पैरालंपिक खेलों का भारत में किसी भी टीवी चैनल पर सीधा प्रसारण नहीं किया जाएगा। हालांकि, चुनिंदा हाइलाइट्स स्पोर्ट्स18 टीवी चैनल पर उपलब्ध होंगी।

