रायपुर, 6जून। CG Government School: छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में नए शिक्षा सत्र की शुरुआत के साथ छात्रों का लुक भी बदलने जा रहा है। राज्य सरकार ने इस बार स्कूली यूनिफॉर्म का रंग और डिजाइन बदल दिया है। 16 जून से स्कूल खुलने पर बच्चे नई यूनिफॉर्म में नजर आएंगे।
अब तक छात्र सफेद शर्ट और नीली पैंट पहनकर स्कूल जाते थे, लेकिन नए सत्र में उन्हें ब्लू चेक शर्ट और स्लेटी रंग की पैंट या ट्युनिक दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य छात्रों को आकर्षक और एकरूप ड्रेस उपलब्ध कराना है।
इस बार यूनिफॉर्म वितरण व्यवस्था में भी बड़ा बदलाव किया गया है। पहले छात्रों को एक सेट यूनिफॉर्म सत्र की शुरुआत में और दूसरा सेट अक्टूबर-नवंबर में मिलता था, लेकिन अब दोनों सेट एक साथ उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है। इससे बच्चों को पूरे सत्र के दौरान यूनिफॉर्म के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
शिक्षा विभाग के अनुसार यूनिफॉर्म वितरण का कार्य तेजी से जारी है। दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए सुकमा, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, बस्तर, कांकेर, सरगुजा, कोरिया, सूरजपुर, रायगढ़ और जांजगीर-चांपा सहित कई जिलों में यूनिफॉर्म पहुंचाई जा चुकी है।
नई यूनिफॉर्म को लेकर छात्रों और अभिभावकों में उत्साह देखा जा रहा है। 16 जून को स्कूल खुलते ही सरकारी स्कूलों का नजारा बदला हुआ दिखाई देगा और बच्चे नए रंग-रूप में शिक्षा सत्र की शुरुआत करेंगे।
