रायपुर, 5जून| Pandavani Singer Teejan Bai: छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध पंडवानी गायिका और पद्म विभूषण से सम्मानित तीजन बाई की तबीयत को लेकर चिंताजनक जानकारी सामने आई है। उन्हें 27 मई को गंभीर हालत में एम्स रायपुर के ट्रॉमा एवं इमरजेंसी विभाग में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज जारी है।
एम्स प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, तीजन बाई का उपचार वर्तमान में मेडिकल इंटेंसिव केयर यूनिट (MICU) में किया जा रहा है। उनकी स्थिति पर जनरल मेडिसिन, क्रिटिकल केयर, पल्मोनरी मेडिसिन और नेफ्रोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है।
अस्पताल के मुताबिक, फिलहाल उनकी हेमोडायनामिक स्थिति स्थिर है, लेकिन उनकी समग्र स्वास्थ्य स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और आवश्यक उपचार प्रदान किया जा रहा है।
उनकी तबीयत को लेकर प्रदेशभर में उनके प्रशंसकों और शुभचिंतकों के बीच चिंता का माहौल है। सभी लोग उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
