CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में आंधी-बारिश अलर्ट…बिजली गिरने से 3 महिलाओं की मौत

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में आंधी-बारिश अलर्ट…बिजली गिरने से 3 महिलाओं की मौत

रायपुर, 4 जून| CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मौसम विभाग ने आज (4 जून) से प्रदेशभर में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक प्रदेश के अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। पिछले 24 घंटों के दौरान भी तापमान में विशेष परिवर्तन दर्ज नहीं किया गया। इस अवधि में राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इधर, आकाशीय बिजली की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में बिजली गिरने से तीन महिलाओं की मौत हो गई। दंतेवाड़ा जिले में बिजली गिरने की चपेट में आने से 12 ग्रामीण घायल हो गए। वहीं बीजापुर और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में भी खेतों और अन्य कार्यों में लगी महिलाएं आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे शरण न लेने तथा बिजली कड़कने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। प्रशासन ने भी संभावित मौसमीय गतिविधियों को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

मौसम