Pahlaj Nihalani Passes Away: बॉलीवुड के दिग्गज फिल्म निर्माता और पूर्व सीबीएफसी अध्यक्ष पहलाज निहलानी का निधन

Pahlaj Nihalani Passes Away: बॉलीवुड के दिग्गज फिल्म निर्माता और पूर्व सीबीएफसी अध्यक्ष पहलाज निहलानी का निधन

मुंबई, 4जून। Pahlaj Nihalani Passes Away:  बॉलीवुड के वरिष्ठ फिल्म निर्माता और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी का गुरुवार को निधन हो गया। वह 76 वर्ष के थे। उनके निधन की जानकारी उनके करीबी मित्र शशि रंजन ने दी। उनके निधन से फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

10 जनवरी 1950 को जन्मे पहलाज निहलानी ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत वर्ष 1982 में रिलीज हुई फिल्म हथकड़ी से निर्माता के रूप में की थी। उन्हें वर्ष 1986 में आई फिल्म इल्जाम के जरिए अभिनेता गोविंदा को पहला बड़ा अवसर देने का श्रेय दिया जाता है। इसके अलावा उन्होंने वर्ष 1987 की फिल्म आग ही आग के माध्यम से अभिनेता चंकी पांडे को भी बॉलीवुड में कदम रखने का मौका दिया।

पहलाज निहलानी ने अपने करियर में कई सफल फिल्मों का निर्माण किया, जिनमें शोला और शबनम, आंखें, दिल तेरा दीवाना, तलाश’ और रंगीला राजा जैसी फिल्में शामिल हैं।

जनवरी 2015 में उन्हें केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उनका कार्यकाल अगस्त 2017 तक रहा। इस दौरान फिल्मों में दृश्यों को हटाने, अस्वीकरण और प्रमाणन से जुड़े फैसलों को लेकर उनका कई फिल्मकारों के साथ विवाद भी रहा।pa

अपने कार्यकाल के दौरान निहलानी ने कुछ सख्त दिशा-निर्देश लागू किए थे। उन्होंने ‘ए’ श्रेणी की फिल्मों में भी कुछ अपशब्दों के इस्तेमाल पर रोक लगाने का फैसला किया था। साथ ही ऐसी सामग्री पर भी प्रतिबंध लगाने की कोशिश की थी, जिसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली या अत्यधिक हिंसा दर्शाने वाली माना जा सकता था।

फिल्म जगत के कई आलोचकों ने उन पर अपने अधिकार क्षेत्र से आगे बढ़कर काम करने का आरोप लगाया, जबकि निहलानी का कहना था कि वह केवल अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।

सीबीएफसी के वर्तमान अध्यक्ष शशि शेखर वेंपति ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, “सीबीएफसी के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी के निधन पर पूरे सीबीएफसी परिवार की ओर से हार्दिक संवेदनाएं।”

पहलाज निहलानी अपने पीछे पत्नी नीता निहलानी और तीन बेटों का परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से भारतीय सिनेमा जगत ने एक ऐसे निर्माता को खो दिया है, जिन्होंने कई कलाकारों को पहचान दिलाने और फिल्म उद्योग में महत्वपूर्ण योगदान देने का काम किया।

Breaking News