धरसीवां में नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म मामला गरमाया…सियासत तेज

धरसीवां में नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म मामला गरमाया…सियासत तेज

धरसीवां, 4जून| रायपुर जिले के धरसीवां क्षेत्र में नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म के आरोपों को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। मामले में पहले भारतीय जनता पार्टी ने सवाल उठाए थे, जिसके बाद अब भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस  भी खुलकर सामने आ गई है। कांग्रेस ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और संबंधित पुलिस अधिकारी पर कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी है।

जानकारी के अनुसार, धरसीवां क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग बच्ची करीब डेढ़ माह पहले लापता हो गई थी, जिसके बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया था। अगले दिन बच्ची घर लौट आई, जिसके बाद उसका बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराया गया।

मामले ने नया मोड़ तब लिया जब भाजपा से जुड़ी जिला पंचायत सदस्य सरोज चंद्रवंशी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर नाबालिग के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने सिलयारी चौकी प्रभारी पर पीड़िता और उसके परिजनों को डराने-धमकाने तथा शिकायत दर्ज न करने का भी आरोप लगाया।

इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरसीवां में प्रदर्शन कर माना सीएसपी को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन को 12 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही सिलयारी चौकी प्रभारी को निलंबित करने की भी मांग उठाई गई है।

पुलिस विभाग का कहना है कि अब तक सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, बच्ची के लापता होने पर तुरंत मामला दर्ज किया गया था और उसके लौटने के बाद मजिस्ट्रेट के सामने बयान भी दर्ज कराया गया। पुलिस ने कहा है कि सामूहिक दुष्कर्म के आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

राज्य खबर