Irrigation Project : मद्देड़ तालाब के जीर्णोद्धार से बदलेगी किसानों की तस्वीर… 530 हेक्टेयर भूमि को मिलेगी सिंचाई सुविधा

Irrigation Project : मद्देड़ तालाब के जीर्णोद्धार से बदलेगी किसानों की तस्वीर… 530 हेक्टेयर भूमि को मिलेगी सिंचाई सुविधा

रायपुर, 28 मई। Irrigation Project : बीजापुर जिले के भोपालपटनम विकासखंड में जल संसाधन विभाग द्वारा मद्देड़ तालाब के जीर्णोद्धार कार्य को तेजी से पूरा किया जा रहा है। लगभग 370.55 लाख रुपये की लागत वाली यह परियोजना किसानों के लिए नई उम्मीद बनकर उभर रही है। 23 दिसंबर 2024 से शुरू हुए इस कार्य का अब तक लगभग 71 प्रतिशत हिस्सा पूरा किया जा चुका है। परियोजना पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी और खेती को नई दिशा मिलेगी।

चार गांवों के किसानों को होगा सीधा लाभ

मद्देड़ तालाब के पुनर्जीवन से ग्राम तमलापल्ली, मद्देड़, संगमपल्ली और बारेगुड़ा के करीब 299 किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। इस योजना के माध्यम से लगभग 530 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे किसानों को समय पर पानी मिल सकेगा और खेती अधिक उत्पादक बनेगी।

जल संरक्षण और ग्रामीण जरूरतों को मिलेगा सहारा

तालाब का जीर्णोद्धार केवल सिंचाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह जल संरक्षण और जल संवर्धन को भी मजबूती देगा। तालाब में पानी की बेहतर उपलब्धता से ग्रामीणों की निस्तारी और अन्य दैनिक जरूरतें भी पूरी हो सकेंगी। इससे क्षेत्र में वर्षभर जल उपलब्धता सुनिश्चित होने की उम्मीद है।

किसानों में बढ़ा उत्साह

परियोजना को लेकर किसानों और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों का मानना है कि तालाब के पुनर्जीवन से खेती की स्थिति में सुधार होगा और उत्पादन बढ़ने के साथ किसानों की आय में भी वृद्धि होगी। इससे फसल विविधीकरण और आधुनिक कृषि प्रबंधन को भी बढ़ावा मिलेगा।

ग्रामीण विकास की दिशा में अहम पहल

जल संसाधन विभाग की यह परियोजना क्षेत्र में सिंचाई विस्तार, जल संरक्षण और ग्रामीण विकास को नई गति देने वाली पहल मानी जा रही है। मद्देड़ तालाब का जीर्णोद्धार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और आत्मनिर्भर कृषि व्यवस्था को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

राज्य खबर