रायपुर,28मई| प्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए विष्णुदेव साय ने लोगों से सतर्क रहने और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की है।उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में हर व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के साथ-साथ आसपास के लोगों का भी ध्यान रखना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने पर्याप्त पानी पीने, बाहर निकलते समय पानी साथ रखने और तेज धूप से बचने की सलाह देते हुए कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां लोगों को सुरक्षित रखने में बड़ी भूमिका निभाती हैं। उन्होंने नागरिकों से घर, दुकान, कार्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर राहगीरों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था करने का आग्रह भी किया।
मुख्यमंत्री साय ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, मजदूरों और खुले में काम करने वाले लोगों का ध्यान रखने की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति की तबीयत गर्मी के कारण बिगड़ती दिखाई दे तो उसे तुरंत छायादार जगह पर ले जाकर पानी, ओआरएस या अन्य तरल पदार्थ दिए जाएं तथा जरूरत पड़ने पर इलाज की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने पशु-पक्षियों के प्रति भी संवेदनशील रहने की बात कहते हुए घर, छत या आसपास पानी का छोटा पात्र रखने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समय सेवा, संवेदना और सामाजिक सहयोग की भावना को मजबूत करने का है और सभी लोगों को एक-दूसरे का सहारा बनना चाहिए।
