बेमेतरा, 28मई। बेमेतरा जिले के जिला मुख्यालय स्थित बेसिक स्कूल खेल मैदान में 31 मई को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि बेमेतरा विधायक दीपेश साहू भी इसी कार्यक्रम में विवाह कर दांपत्य जीवन की शुरुआत करेंगे। सामूहिक विवाह में कुल 24 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे।
विधायक दीपेश साहू लेंगे सात फेरे
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित इस समारोह में विधायक दीपेश साहू स्वयं दूल्हा बनेंगे। इसे लेकर जिला प्रशासन और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू समेत कई वरिष्ठ मंत्री और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
उन्होंने कहा,
मैं समाज को सादगी का संदेश देना चाहता हूं, इसलिए सामाजिक कार्यक्रम में विवाह करने का निर्णय लिया है।
विधायक ने खुद लिया तैयारियों का जायजा
विवाह समारोह को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। विधायक दीपेश साहू स्वयं कार्यक्रम स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। वहीं, उनके समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
पहल की हो रही सराहना
दीपेश साहू के इस फैसले की जिले सहित पूरे प्रदेश में सराहना हो रही है। लोगों का मानना है कि जनप्रतिनिधि द्वारा वीआईपी संस्कृति से हटकर आम जनता के साथ सामूहिक विवाह करना सादगी और सामाजिक समानता का बड़ा संदेश है। साथ ही इससे फिजूलखर्ची पर रोक लगाने की सकारात्मक पहल भी मानी जा रही है।
समारोह में मुख्यमंत्री सहित कैबिनेट के कई मंत्री भी शामिल होंगे।
