पेंड्रा, 27मई| छत्तीसगढ़ के पेंड्रा-गौरेला-मरवाही जिले में सर्राफा कारोबारी की हत्या से सनसनी फैल गई। पेंड्रा थाना क्षेत्र के कोटमी साप्ताहिक बाजार में बदमाशों ने लूटपाट के दौरान सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी को गोली मार दी। घटना में कारोबारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, कोटमी में साप्ताहिक बाजार लगा था। प्रदीप सोनी बाजार में अपनी सोने-चांदी की दुकान लगाए हुए थे। शाम को दुकान बंद करने के दौरान कुछ बदमाश वहां पहुंचे और लूटपाट करने लगे। व्यापारी ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके सीने में गोली मार दी। गोली चलते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल कारोबारी को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कितनी गोलियां लगी थीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। एसपी अविनाश मिश्रा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में जिलेभर में नाकेबंदी कर दी है। हालांकि, अब तक लूटे गए सामान की कीमत का खुलासा नहीं हो पाया है।
इधर, व्यापारी की हत्या से नाराज परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी में मदद करने वाले को 10 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
गौरेला टीआई शनिप रात्रे ने बताया कि बदमाश लूट की नीयत से आए थे। विरोध करने पर व्यापारी को गोली मार दी गई। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
