कैंची धाम जा रहे 7 दोस्तों की कार ट्रेलर से टकराई…4 की मौत

कैंची धाम जा रहे 7 दोस्तों की कार ट्रेलर से टकराई…4 की मौत

उत्तर प्रदेश, 26मई| उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सुल्तानपुर–लखनऊ हाईवे पर भिखरा गांव के पास एक इनोवा कार तेज रफ्तार ट्रेलर से टकरा गई। इस हादसे में चार दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

जानकारी के मुताबिक, सभी सात दोस्त एक ही कार से कैंची धाम की यात्रा पर निकले थे। कार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी और इसी दौरान वह सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि हादसे का कारण चालक को झपकी आना हो सकता है। घटना रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है।

मृतकों की पहचान चंदौली के राहुल कुमार (36), गाजीपुर के राहुल सिंह (35), बलिया के सत्यम सिंह (38) और सुल्तानपुर के सूरज मिश्रा (31) के रूप में हुई है। वहीं मिर्जापुर के पंकज (34), चंदन (35) और बलिया के प्रशांत गंभीर रूप से घायल हैं। तीनों घायलों को इलाज के लिए लखनऊ के KGMU अस्पताल रेफर किया गया है।

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि इलाके में भी शोक और सदमे का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Breaking News