बिश्रामपुर थाने के सामने कांग्रेस का हल्लाबोल…नरेंद्र जैन पर कार्रवाई का विरोध

बिश्रामपुर थाने के सामने कांग्रेस का हल्लाबोल…नरेंद्र जैन पर कार्रवाई का विरोध

सूरजपुर, 26मई| कांग्रेस ने जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ दर्ज आर्म्स एक्ट मामले को लेकर मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को बिश्रामपुर थाना के सामने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

मामला शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव से जुड़ा हुआ है, जहां 1 जून को मतदान होना है। चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद पुलिस ने नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को राजनीतिक दबाव में की गई एकतरफा कार्रवाई बताया है।

विरोध प्रदर्शन के दौरान थाने के सामने टेंट और पंडाल लगाकर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता धरने पर बैठे रहे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस भाजपा के दबाव में काम कर रही है और निष्पक्ष जांच नहीं कर रही। पार्टी की मांग है कि नरेंद्र जैन पर लगाई गई आर्म्स एक्ट की धाराएं हटाई जाएं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

दीपक बैज ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस थाने से ही चुनाव लड़ने तक का फैसला कर सकती है। कांग्रेस की ओर से विरोधी पक्ष के खिलाफ भी मामला दर्ज करने की मांग उठाई गई है।

इस दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंह देव, ज्योत्सना महंत, पूर्व विधायक गुलाब कमरो और अंबिका सिंहदेव सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

News and Politics