कपिल शर्मा के अमृतसर स्थित घर के बाहर गोलीबारी की खबर…जांच में जुटी पुलिस

कपिल शर्मा के अमृतसर स्थित घर के बाहर गोलीबारी की खबर…जांच में जुटी पुलिस

अमृतसर, 25मई| पंजाब के अमृतसर में सोमवार को कॉमेडियन-एक्टर कपिल शर्मा  के घर के बाहर फायरिंग की खबर सामने आई। सूत्रों के मुताबिक, अमृतसर के पॉश इलाके हॉली सिटी स्थित उनके घर के बाहर बाइक सवार हमलावरों ने 2 राउंड फायरिंग की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को सील कर जांच शुरू की। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई और DVR कब्जे में लिया गया।

हालांकि, मामले में पुलिस अधिकारियों ने फायरिंग की घटना से इनकार किया है। मौके पर पहुंचे ACP कमलजीत सिंह औलख ने कहा कि ऐसी कोई वारदात नहीं हुई। वहीं, अमृतसर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कुछ गैर-जिम्मेदार लोग गलत जानकारी फैला रहे हैं और जल्द ही पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि घटना के समय कपिल शर्मा अपने परिवार के साथ मुंबई में मौजूद थे।

कनाडा स्थित कैफे पर पहले भी हो चुके हैं हमले

गौरतलब है कि कपिल शर्मा के कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित सरे शहर में मौजूद ‘Kap’s Cafe’ पर इससे पहले भी कई बार फायरिंग हो चुकी है। जुलाई 2025 में कैफे पर 9 राउंड फायरिंग की गई थी, जिसकी जिम्मेदारी कथित तौर पर खालिस्तानी आतंकी हरजीत सिंह लाडी ने ली थी।

इसके बाद अगस्त 2025 में भी कैफे पर गोलीबारी हुई, जिसमें कैफे की खिड़कियों पर गोलियों के निशान मिले थे। उस दौरान लॉरेंस गैंग से जुड़े गोल्डी ढिल्लों के नाम से एक सोशल मीडिया पोस्ट वायरल हुआ था, जिसमें हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था।

Breaking News