BJP vs Congress War : टीएस सिंहदेव ने जताई PCC चीफ बनने की चाह…! दीपक बैज ने दी सलाह…बोले- दिल्ली जाइए…BJP ने ली चुटकी…यहां देखें VIDEO

BJP vs Congress War : टीएस सिंहदेव ने जताई PCC चीफ बनने की चाह…! दीपक बैज ने दी सलाह…बोले- दिल्ली जाइए…BJP ने ली चुटकी…यहां देखें VIDEO

रायपुर, 23 मई। BJP vs Congress War : छत्तीसगढ़ कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के बयानों ने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि पार्टी में अब ‘एक-दूसरे को डुबोने का खेल’ चल रहा है।

बीजेपी ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में अपना  राजनीतिक अस्तित्व बचाने में जुटी कांग्रेस पार्टी गुटबाजी की शिकार हो चुकी है। बीजेपी ने कहा कि संगठन संभालने में असफल रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, टीएस सिंहदेव को दिल्ली जाने की सलाह दे रहे हैं, जबकि सिंहदेव लगातार हार का रिकॉर्ड बनाने वाले बैज को अपना कार्यक्षेत्र मजबूत करने की नसीहत दे रहे हैं।

सिंहदेव के बयान से बढ़ी सियासी हलचल

दरअसल, पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने हाल ही में सार्वजनिक रूप से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने की इच्छा जाहिर की थी। इसके बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सिंहदेव जैसे वरिष्ठ नेता को दिल्ली में संगठनात्मक जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

मीडिया से चर्चा के दौरान बैज ने कहा कि टीएस सिंहदेव एआईसीसी सदस्य हैं और उन्हें तमिलनाडु व पुडुचेरी का ऑब्जर्वर भी बनाया गया था। उन्होंने कहा कि पार्टी में युवाओं को अवसर मिलना चाहिए और वर्तमान युवा टीम बेहतर काम कर रही है।

भूपेश बघेल से मुलाकात के बाद चर्चाएं तेज

सूत्रों के मुताबिक, सिंहदेव के बयान के बाद दीपक बैज ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात की। इस दौरान प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू भी मौजूद थे। माना जा रहा है कि बैठक में संगठनात्मक हालात और हालिया बयानबाजी को लेकर चर्चा हुई।

हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अब तक इस पूरे विवाद पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन कांग्रेस संगठन में सियासी हलचल लगातार बढ़ती जा रही है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में पार्टी के भीतर गुटबाजी और तेज हो सकती है।

राज्य खबर