कचना रेलवे ओवरब्रिज का लोकार्पण…आम लोगों को जाम से राहत

कचना रेलवे ओवरब्रिज का लोकार्पण…आम लोगों को जाम से राहत

रायपुर, 23मई| रायपुर के कचना इलाके में लंबे समय से प्रतीक्षित रेलवे ओवरब्रिज का शुक्रवार रात मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोकार्पण किया। उद्घाटन के साथ ही इसे आम जनता के लिए खोल दिया गया, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

उद्घाटन के बाद रात में ही ओवरब्रिज पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। ड्रोन से सामने आए वीडियो में ब्रिज की आकर्षक लाइटिंग और लगातार चल रहे ट्रैफिक को देखा जा सकता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले रेलवे फाटक बार-बार बंद होने के कारण हर 15 मिनट में लंबा जाम लग जाता था। इससे स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती थी। ओवरब्रिज शुरू होने से अब इस समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

करीब 48.78 करोड़ रुपये की लागत से बना यह ओवरब्रिज 871 मीटर लंबा और 12 मीटर चौड़ा है। यह खम्हारडीह स्थित सीएससीबी कार्यालय के पास से शुरू होकर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी तक जुड़ता है। इसके साथ ही शंकर नगर, खम्हारडीह और कचना क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण का काम भी पूरा किया गया है, जिससे आसपास की कनेक्टिविटी और बेहतर हुई है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस रूट पर प्रतिदिन ट्रेनों की आवाजाही के चलते फाटक बार-बार बंद होता था, जिससे यातायात प्रभावित रहता था। अब ओवरब्रिज के चालू होने से हजारों लोगों को रोजाना जाम से राहत मिलेगी और आवागमन सुगम होगा।

 

राज्य खबर