छत्तीसगढ़, 21मई| बलौदाबाजार शहर में लवन रोड स्थित एक बड़े तेल गोदाम में आज सुबह भीषण आग लगने की घटना सामने आई है गोदाम में बड़ी मात्रा में खाद्य तेल और किराना सामान रखा होने के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया।
जानकारी के अनुसार, यह आग संभवतः देर रात के समय लगी थी लेकिन सुबह करीब 5 बजे स्थानीय लोगों को धुआं और आग की लपटें दिखाई देने पर घटना का पता चला इसके बाद तुरंत प्रशासन और दमकल विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही नगर की करीब छह दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया आग इतनी तेज थी कि लपटें दूर से ही आसमान तक उठती दिखाई दे रही थीं जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने के कार्य में जुटे हुए हैं वहीं पुलिस और प्रशासनिक टीम भी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है, हालांकि शुरुआती अनुमान के अनुसार लाखों रुपये के सामान के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
