करंट लगाकर पत्नी की हत्या का आरोप…बच्चा नहीं होने पर करता था प्रताड़ित

करंट लगाकर पत्नी की हत्या का आरोप…बच्चा नहीं होने पर करता था प्रताड़ित

सरगुजा, 21मई| सरगुजा जिला के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लैंगा में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है मृतका के मायके पक्ष ने महिला के पति पर करंट लगाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, महिला की शादी वर्ष 2020 में ग्राम लैंगा निवासी संतलाल से हुई थी मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि शादी के दो साल बाद भी बच्चा नहीं होने पर पति उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था।परिजनों का कहना है कि आरोपी का किसी दूसरी महिला से संबंध था और वह उसे घर लाना चाहता था इस विवाद को लेकर समाज की बैठक भी हुई थी, जिसमें पति को समझाइश दी गई थी लेकिन उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया।

परिजनों के मुताबिक, 17 मई की रात महिला की करंट लगाकर हत्या की गई मृतका के हाथों पर जलने के दो निशान पाए गए हैं परिवार का आरोप है कि पति ने बिस्तर में करंट प्रवाहित कर घटना को अंजाम दिया घटना के बाद आरोपी द्वारा घर में तेज आवाज में म्यूजिक बजाकर डांस करने की बात भी सामने आई है वहीं मायके पक्ष का आरोप है कि उन्हें महिला की मौत की सूचना काफी देर से दी गई।

पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, मृतका के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग की है।

क्राइम न्यूज