रायपुर, 21मई| नवा रायपुर स्थित लोक निर्माण विभाग मुख्यालय निर्माण भवन में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में विभागीय सचिव मुकेश कुमार बंसल ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की बैठक में उन्होंने सभी निर्माण कार्यों में जनहित, तकनीकी दक्षता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
सचिव बंसल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और गति होनी चाहिए, और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार्य नहीं होगी उन्होंने अधिकारियों को टेंडर प्रक्रियाओं को पूरी पारदर्शिता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में उन्होंने आधुनिक तकनीकों, डिजिटलीकरण और नए सॉफ्टवेयर्स के अधिकतम उपयोग पर बल दिया ताकि कार्यों में दक्षता और गति बढ़ाई जा सके। अधिकारियों ने बताया कि जियो-इन्फॉर्मेटिक्स तकनीक के माध्यम से निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग, मैपिंग और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट को और प्रभावी बनाया जा रहा है।
इसके अलावा टेंडर प्रक्रिया के तहत कार्य आवंटन, बिलिंग और भुगतान प्रणाली की प्रगति की भी समीक्षा की गई बैठक में प्रदेशभर में चल रहे निर्माण कार्यों, आगामी परियोजनाओं और उनकी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
सचिव बंसल ने अधिकारियों और ठेकेदारों के कार्य निष्पादन, तकनीकी प्रक्रियाओं और भुगतान व्यवस्था की समयबद्धता पर भी जानकारी ली। उन्होंने रायपुर में कचना रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा भी की और इसे तय समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
