रायपुर, 20 मई। Bijapur जिले के दूरस्थ और दुर्गम ग्राम गमपुर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कठिन परिस्थितियों के बीच पहुंचकर जनसेवा का सराहनीय उदाहरण पेश किया। उप स्वास्थ्य केंद्र डोडीतुमनार की टीम ने जंगल और खराब रास्तों की चुनौतियों के बावजूद गांव में यूनिवर्सल हेल्थ स्क्रीनिंग सर्वे सफलतापूर्वक पूरा किया। इस दौरान कुल 771 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई।
मलेरिया और टीबी मरीजों की पहचान
स्वास्थ्य टीम ने सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ मलेरिया, टीबी, एनीमिया, उच्च रक्तचाप और गर्भवती महिलाओं की विशेष जांच की। सर्वे के दौरान 5 मलेरिया मरीजों की पहचान कर तत्काल उपचार शुरू किया गया। वहीं 2 संभावित टीबी मरीजों और 1 हाई रिस्क गर्भवती महिला को आगे की जांच के लिए उच्च स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
एनीमिया और ब्लड प्रेशर मरीजों को दी दवाएं
जांच के दौरान 1 उच्च रक्तचाप और 2 एनीमिया पीड़ित मरीजों को चिन्हित कर आवश्यक दवाएं और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श उपलब्ध कराया गया।
ग्रामीणों को किया जागरूक
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को साफ-सफाई, संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और संक्रामक बीमारियों से बचाव के बारे में भी जागरूक किया। ग्रामीणों ने बताया कि पहली बार गांव में इतने बड़े स्तर पर स्वास्थ्य जांच सुविधा मिली है।
दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना प्राथमिकता
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि दूरस्थ इलाकों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है और लगातार प्रयासों से ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है।
