अंबिकापुर,20मई। शहर के ट्रांसपोर्टनगर स्थित कदमपारा इलाके में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है महिला का शव किराए के मकान में अर्धनग्न अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई सूचना मिलते ही मणिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र की रहने वाली 32 वर्षीय सुखमनिया चिकवा अपने पति जमुना चिकवा और दो मासूम बच्चों के साथ ट्रांसपोर्टनगर कदमपारा स्थित सचिन मिंज के मकान में किराए से रहती थी। उसका पति हमाली का काम करता है।
बताया जा रहा है कि रात पति-पत्नी घर में साथ थे सुबह जमुना काम के सिलसिले में बलरामपुर जिले के कुसमी चला गया। सुबह करीब 9 बजे तक जब महिला घर से बाहर नहीं निकली तो मकान मालकिन और पड़ोसियों को शक हुआ वे कमरे के भीतर पहुंचे तो देखा कि महिला औंधे मुंह अर्धनग्न अवस्था में पड़ी हुई थी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सीपी तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर किसी प्रकार के चोट या गला दबाने के निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में पुलिस फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट तौर पर कुछ नहीं कह रही है हालांकि आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक शराब सेवन की वजह से महिला की मौत हुई हो सकती है।
वहीं महिला के अर्धनग्न अवस्था में मिलने को लेकर बताया जा रहा है कि गर्मी के कारण उसने ऊपर के कपड़े उतार रखे थे। पुलिस ने महिला के बच्चों और मकान मालकिन का बयान दर्ज कर लिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
