महाकाल की शरण में भारतीय महिला टीम…टी20 वर्ल्ड कप से पहले लिया आशीर्वाद

महाकाल की शरण में भारतीय महिला टीम…टी20 वर्ल्ड कप से पहले लिया आशीर्वाद

उज्जैन, 16मई| महाकालेश्वर मंदिर में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 से पहले भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया| कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में पूरी टीम ने भस्म आरती में हिस्सा लिया और टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन की कामना की।

टीम की कई खिलाड़ी अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंचीं। इस दौरान खिलाड़ियों ने पूजा-अर्चना कर विश्व कप अभियान के सफल होने की प्रार्थना की।इंगलैंड की मेजबानी में महिला टी20 विश्व कप 12 जून से शुरू होने जा रहा है और भारतीय टीम अब तक इस खिताब को जीतने में सफल नहीं रही है।

भारतीय टीम की विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया ने कहा कि महाकाल के दरबार में आकर उन्हें मानसिक शांति मिलती है। उन्होंने बताया कि वह पिछले महीने भी बाबा महाकाल के दर्शन के लिए आई थीं और भस्म आरती के दौरान उन्हें काफी सुकून महसूस होता है। यास्तिका ने कहा कि विश्व कप से पहले सभी खिलाड़ी भगवान महाकाल का आशीर्वाद लेना चाहती थीं, ताकि टीम का प्रदर्शन बेहतरीन रहे।

गौरतलब है कि इससे पहले वनडे विश्व कप का खिताब जीतने के बाद भी भारतीय टीम महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए पहुंची थी।

पाकिस्तान से होगा भारत का पहला मुकाबला

भारतीय महिला टीम अपने टी20 विश्व कप अभियान की शुरुआत 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। इसके बाद 17 जून को नीदरलैंड, 21 जून को साउथ अफ्रीका और 25 जून को बांग्लादेश से मुकाबला होगा। ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में भारतीय टीम 28 जून को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी।

National Religion