रायपुर, 13 मई। Roller Sports : रायपुर के सरोना स्थित निजी पब्लिक स्कूल में आयोजित प्रथम छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय रोलर स्पोर्ट्स रैंकिंग चैंपियनशिप में बिलासपुर की युवा खिलाड़ी शिविका पांडेय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। 9 और 10 मई को आयोजित इस प्रतियोगिता में शिविका ने अपनी प्रतिभा और जज्बे से सभी को प्रभावित किया।
चोट के बाद भी नहीं मानी हार
10 से 12 वर्ष आयु वर्ग की ट्वॉय इनलाइन स्केट स्पर्धा में हिस्सा लेने वाली शिविका 400 मीटर रेस के दौरान गंभीर रूप से चोटिल हो गई थीं। दर्द में होने के बावजूद उन्होंने रेस पूरी की और कांस्य पदक हासिल किया। अगले ही दिन उन्होंने उसी चोट के साथ 200 मीटर रेस में भाग लिया और शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया। इस उपलब्धि के साथ वे अपने आयु वर्ग की ओवरऑल चैंपियन बनीं।
बिलासपुर की उभरती खेल प्रतिभा
शिविका पांडेय बिलासपुर के बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल की कक्षा 6वीं की छात्रा हैं और रॉयल स्केटिंग क्लब, बिलासपुर में नियमित प्रशिक्षण लेती हैं। उनकी इस सफलता से परिवार और शहर में खुशी का माहौल है।
चिकित्सक परिवार से रखती हैं संबंध
शिविका के माता-पिता चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े हैं। उनकी मां डॉ. श्वेता पांडेय आयुर्वेद चिकित्साधिकारी हैं, जबकि पिता डॉ. विद्या भूषण पांडेय शासकीय आयुर्वेद चिकित्सालय महाविद्यालय, बिलासपुर में बालरोग विभागाध्यक्ष हैं। शिविका नियमित रूप से स्वर्ण प्राशन प्राप्त करती रही हैं और उनके पिता बच्चों के स्वास्थ्य संवर्धन के लिए स्वर्ण प्राशन शिविर भी आयोजित करते हैं।
