रायपुर, 10 मई। Shushasaan Tihar 2026 के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर आम लोगों के जीवन में राहत और विश्वास लेकर आ रहे हैं। शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है। इन शिविरों से आमजन में अपनी समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है।
मोबाइल मेडिकल यूनिट में हुई स्वास्थ्य जांच
राजनांदगांव शहर के शंकरपुर स्कूल में वार्ड क्रमांक 7, 9 एवं 10 के लिए आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में पहुंचीं श्रीमती पुष्पकला मेश्राम ने नि:शुल्क इलाज मिलने पर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि शुगर और ब्लड प्रेशर की समस्या होने के बावजूद वे लंबे समय से डॉक्टर के पास नहीं जा पा रही थीं। शिविर में मौजूद मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से उनकी शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच की गई। डॉक्टरों ने उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सावधानियां बरतने और नियमित दवा लेने की सलाह दी।
शासन की योजनाओं से मिल रही राहत
पुष्पकला मेश्राम ने कहा कि सरकार गरीब और जरूरतमंद लोगों का विशेष ध्यान रख रही है। उन्होंने बताया कि ऐसे शिविरों में नि:शुल्क इलाज मिलने से लोगों को बड़ी सुविधा हो रही है। शिविरों के माध्यम से आम जनता को आयुष्मान कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ भी मिल रहा है।
