Jashpur Connectivity : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की बड़ी सौगात… जशपुर में श्री नदी पर बनेगा हाईलेवल ब्रिज… छत्तीसगढ़-झारखंड-ओडिशा कनेक्टिविटी को मिलेगा नया विस्तार

Jashpur Connectivity : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की बड़ी सौगात… जशपुर में श्री नदी पर बनेगा हाईलेवल ब्रिज… छत्तीसगढ़-झारखंड-ओडिशा कनेक्टिविटी को मिलेगा नया विस्तार

रायपुर, 08 मई। Jashpur Connectivity : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में एक और बड़ी विकास परियोजना की सौगात मिली है। राज्य शासन ने वर्ष 2025-26 के बजट अंतर्गत कुनकुरी-तपकरा-लवाकेरा मार्ग पर श्री नदी में उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 9 करोड़ 45 लाख 85 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।

तीन राज्यों को जोड़ेगा रणनीतिक पुल

प्रस्तावित उच्च स्तरीय पुल छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग पर बनाया जाएगा। पुल निर्माण के बाद तीनों राज्यों के बीच आवागमन अधिक सुरक्षित, तेज और सुगम हो सकेगा।इससे व्यापार, परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

बरसात में बड़ी परेशानी बनता था सकरा पुल

वर्तमान में इस मार्ग पर स्थित सकरा पुल बरसात के दौरान लोगों के लिए बड़ी समस्या बन जाता था। जलस्तर बढ़ने के कारण आवागमन बाधित हो जाता था और ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर यात्रा करनी पड़ती थी। स्थानीय लोग लंबे समय से यहां हाईलेवल ब्रिज निर्माण की मांग कर रहे थे। अब प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।

ग्रामीणों ने जताया मुख्यमंत्री के प्रति आभार

स्थानीय ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार सीमावर्ती और दूरस्थ क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दे रही है। ग्रामीणों का मानना है कि पुल निर्माण से हजारों लोगों को सुरक्षित और सालभर निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी।

जशपुर के विकास को मिलेगी नई दिशा

क्षेत्रवासियों के अनुसार श्री नदी पर बनने वाला यह उच्च स्तरीय पुल केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि जशपुर जिले के आर्थिक और सामाजिक विकास का नया द्वार साबित होगा। यह परियोजना दूरस्थ अंचलों को बेहतर संपर्क सुविधा से जोड़ते हुए क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

राज्य खबर स्पेशल