हजारीबाग, 26 अप्रैल। Hazaribagh Road Accident : झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण स्थित दनुआ घाटी में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब परिवार शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था।
दानुआ घाटी बनी मौत की घाटी
जानकारी के मुताबिक, बीसीसीएल के गोविंदपुर क्षेत्र की महेशपुर कोलियरी में कार्यरत लाइनमैन शिव कुमार भुइयां अपने परिवार के साथ कार से गयाजी के आमस जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार चौपारण के दनुआ घाटी के जोड़राही पुल के पास पहुंची, वह अचानक आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई। इससे पहले कि कार सवार कुछ समझ पाते, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी।
आगे ट्रेलर पीछे ट्रक और बीच में फंसी कार
इस भीषण टक्कर के बाद कार ट्रेलर और ट्रक के बीच बुरी तरह फंस गई और पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई। हादसा इतना भयानक था कि कार में सवार सभी लोग अंदर ही फंस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक और ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही चौपारण पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से गैस कटर और अन्य उपकरणों के जरिए कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया।
मृतकों की पहचान
धनबाद के मधुबन स्थित बुदौरा कॉलोनी निवासी शिव कुमार भुइयां (45), उनकी पत्नी रूबी देवी (38), बेटी सोनी (12), सुहानी (9), रिश्तेदार प्रेम (7) समेत कुल 6 लोगों के रूप में हुई है। घटना का मंजर इतना भयावह था कि शवों की पहचान करना भी मुश्किल हो गया था। स्थानीय लोग इस दृश्य को देखकर सन्न रह गए, कई लोग मौके पर ही रो पड़े।
गौरतलब है कि दनुआ घाटी में पिछले चार दिनों में यह पांचवीं बड़ी दुर्घटना है। यहां के खतरनाक मोड़, तेज रफ्तार और ब्लैक स्पॉट्स लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं। बावजूद इसके अब तक प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पाया है, जिससे यह इलाका अब “मौत की घाटी” बनता जा रहा है।