Ration Scam : राशन गबन पर बड़ी कार्रवाई…! अंगूठा लगवाया…राशन नहीं दिया…अध्यक्ष और सचिव सहित 3 पर FIR के आदेश

Ration Scam : राशन गबन पर बड़ी कार्रवाई…! अंगूठा लगवाया…राशन नहीं दिया…अध्यक्ष और सचिव सहित 3 पर FIR के आदेश

कोरबा, 07 अप्रैल। Ration Scam : जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पटपरा की उचित मूल्य दुकान में राशन गबन के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं एसडीएम पाली ने मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश जारी किए हैं।

जानकारी के अनुसार, पटपरा की उचित मूल्य दुकान का संचालन ‘महिला जागृति स्व सहायता समूह भोड़कछार’ द्वारा किया जा रहा था। जांच में दुकान संचालन में गंभीर अनियमितताएं और खाद्यान्न गबन सामने आया है। एसडीएम ने खाद्य निरीक्षक पाली को तत्काल थाना पाली में आपराधिक प्रकरण दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।

जांच के दौरान पाया गया कि जनवरी 2026 के वितरण रिकॉर्ड में हेराफेरी की गई। समूह ने 562 कार्डधारियों के अंगूठे और हस्ताक्षर तो ले लिए, लेकिन 400 से अधिक हितग्राहियों को वास्तविक रूप से राशन नहीं दिया गया।

इसके अलावा मार्च 2026 के आवंटन में से 154 क्विंटल चावल का वितरण नहीं किया गया। भौतिक सत्यापन के दौरान 50 किलो चावल स्टॉक में कम पाया गया, जबकि समूह द्वारा संबंधित दस्तावेज भी जांच दल को उपलब्ध नहीं कराए गए।

मामले में जिम्मेदार पाए गए समूह की अध्यक्ष कांति बाई, सचिव अनिता और विक्रेता रविन्द्र कुमार को नामजद किया गया है। इनके खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से साफ संकेत मिला है कि राशन वितरण में किसी भी तरह की गड़बड़ी या गबन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

राज्य खबर