Makar Sankranti : त्योहारों की अनोखी परंपरा…! दामाद के लिए भव्य भोज…1,374 पकवानों से सजाई दावत
नई दिल्ली, 16 जनवरी। Makar Sankranti : आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के तेनाली में इस साल की संक्रांति एक परिवार के लिए खास ही नहीं, बल्कि पूरे इलाके के लिए चर्चा का विषय बन गई। यहां एक परिवार ने अपने दामाद के स्वागत में ऐसी भव्य दावत का आयोजन किया, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। दामाद के सम्मान में 1,374 प्रकार के व्यंजन और मिठाइयां तैयार की गईं, जिसे देखने के लिए आसपास के लोग भी पहुंचने लगे।
यह शानदार आयोजन विज्जापु वेंकट रत्नम और उनकी पत्नी सुशीला ने अपनी बेटी कीर्तिश्री और दामाद बोड्डु साई शरत के लिए किया था। व्यंजनों की संख्या ही नहीं, बल्कि उनकी साज-सज्जा और पारंपरिक प्रस्तुति भी बेहद आकर्षक रही। हर पकवान को बड़े प्यार और मेहनत से तैयार कर सुंदर ढंग से सजाया गया था।
इस भव्य दावत ने एक बार फिर कोनसीमा क्षेत्र की मशहूर मेहमाननवाजी को सबके सामने ला दिया। ‘आंध्र का केरल’ कहे जाने वाले कोनसीमा की पहचान उसकी प्राकृतिक सुंदरता, नारियल के बागान, बैकवाटर्स और सबसे बढ़कर दिल खोलकर मेहमानों का स्वागत करने की परंपरा है। यहां त्योहारों और शादियों में विशाल भोज और खासतौर पर स्थानीय व सीफूड व्यंजन परोसना एक परंपरा मानी जाती है।
National

