Winter Collection : गर्म कपड़े ठंडी कर रही जेब…! फैशन ट्रेंड्स ने बढ़ाई ऊनी कपड़ों की कीमतें…विंटर कलेक्शन हुआ और ज्यादा महंगा

Winter Collection : गर्म कपड़े ठंडी कर रही जेब…! फैशन ट्रेंड्स ने बढ़ाई ऊनी कपड़ों की कीमतें…विंटर कलेक्शन हुआ और ज्यादा महंगा

केशव पाल/तिल्दा-नेवरा। Winter Collection : गुलाबी ठंड के दस्तक देते ही गर्म कपड़ों का बाजार सज गया है। इस साल बाजार में गरमाहट देने वाले कपड़ों के नए कलेक्शन आए हैं। लेकिन इनके दामों में काफी उछाल आया है। लिहाजा, ग्राहकों को इस बार गर्म कपड़े खरीदने के लिए कुछ ज्यादा ही पैसे खर्च करने पड़ रहें हैं। ठंड को देखते हुए दुकानदारों ने भी शॉल, स्वेटर, जैकेट, मफलर, टोपियां आदि की दुकानें सजा दी हैं। फुटपाथों पर लगीं गर्म कपड़ों की दुकानों से लेकर सेल लगाकर गर्म कपड़ों की बिक्री हो रही है।

ट्रेंडी विंटर वियर का बोझ जेब पर भारी

उल्लेखनीय है कि, इस बार भी बड़ी तादात में गर्म कपड़ों का स्टॉक मंगाया जा रहा है। नवंबर के अंत तक व्यापार में अच्छे खासे उठाव की उम्मीद है। व्यापारियों का कहना है कि, परिवहन महंगा हो गया है। इसका असर गर्म कपड़ों पर भी पड़ा है। गत वर्ष के मुकाबले गर्म कपड़ों के दाम 10 से 15 फीसदी तक बढ़े हैं। बाजार में बच्चों और बुजुर्गों के लिए शॉल, दस्ताने, इनर, मोजे, स्वेटर, मंकी टोपा और डिजाइनर टोपों की वैरायटी मिल रही है। वहीं महिलाओं और पुरुषों के लिए भी गर्म कपड़ों का अच्छा कलेक्शन है। महिलाएं ज्यादातर फुल स्वेटर, स्कार्फ, नार्मल और गर्म मोजों के साथ शॉल की खरीदारी कर रही हैं। वहीं पुरुषों में सबसे ज्यादा हाफ स्वेटर, हाफ टोपा, मफलर, फुल दस्ताने, जर्सी आदि की डिमांड है। ठंड बढ़ने के साथ ही ऊनी कपड़ों का बाजार पूरी तरह गर्म हो चुका है। लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। सिर्फ गर्म कपड़ें ही नहीं बल्कि ठंड बढ़ने के साथ ही गीजर, हीटर का बाजार भी गर्म हो उठा है। लोग ब्राडेंड कपड़े पसंद कर रहे हैं। कई जगह डिस्काउंट ऑफर भी लगाए गए हैं। गर्म कपड़ों के बाजार में दस्ताने, इनर, टोपी, मफलर, मोजे आदि की मांग ज्यादा है। मगर बदलते ट्रेंड के साथ ऊनी कपड़ों का लुक भी बदल गया है। सभी डिजाइनर ऊनी कपड़े पहनना पसंद कर रहे हैं। कंबल, शॉल, स्वेटर, की बिक्री में इजाफा हुआ है। लोगों की मूड को देखते हुए बाजारों में भी डिजाइनर कपड़े हर रेंज के बिक रहे हैं। लड़कियों में ब्लेजर लुक कार्डिगन तो लड़कों को स्टाइलिस लुक ब्लेजर पसंद आ रहे हैं। खास कर युवाओं द्वारा लेटेस्ट जैकेट की डिमांड ज्यादा की जा रही है। वहीं, कोट-पैंट के प्रति भी लोगों का रुझान बढ़ा है। गांवों की महिलाएं रंग-बिरंगे जरीदार फैंसी शॉल बड़े चाव से खरीद रही है। क्योंकि ये सस्ते होने के साथ ही फैंसी भी हैं। विभिन्न कंपनियों के ब्रांडेड नए-नए डिजाइन की जैकेट्स के साथ स्वेटर मिल रहे हैं। जिनकी काफी डिमांड है।

युवाओं में डिजाइनर कपड़ों का क्रेज

गर्म कपड़ों में युवाओं को हल्के डिजाइनर कपड़े खूब पसंद आ रहे हैं। बाजार में डिजाइनर कपड़ों की कई सारी वैरायटी उपलब्ध हैं। इनमें प्रिंट कैप, शार्ट मफलर, हल्के स्वेटर हाफ और फुल। खास कर लेदर जैकेट की मांग ज्यादा है। वहीं लड़कियों के लिए मिटेड एकर, कुल पिक में लेसरी, फुलपिक डिजाइनर, लटकन कैप, प्रलावर डिजाइन कैंप आए हैं। इस समय लड़कियां कॉलर वाली लॉन्ग, हाईनेक स्वेटर में पेस्टल और ब्राइट कलर्स में ग्रीन, पिंक, ब्लू, पर्पल, डार्क ब्राउन को खूब पसंद कर रही है। जींस और वनपीस कपड़ों के साथ स्वेटर्स खासी एट्रैक्टिव लग रही है। स्कर्ट के साथ क्रोशिया डिजाइन की कैप वाली स्वेटर, वनपीस बेल्ट वाले मुलायम फर वाले रंगीन स्वेटर्स भी काफी आकर्षक डिजाइन में एवलेबल है। वहीं लड़कों को छोटे-बड़े चेक वाले मल्टी कलर स्वेटर पसंद आ रहें हैं। इनमें ब्लैक-रेड कलर का कॉम्बिनेशन ज्यादा देखने को मिलता है। सफेद, काले, लाल और ग्रे रंग की साइड, पीठ और कंधों में खास डिजाइन के कपड़े भी फैंसी दिखते हैं।

गर्म कपड़ों के दामों में उछाल

इस बार गर्म कपड़ों के रेट 50 से 80 रुपए तक बढ़ गए हैं। व्यापारियों के अनुसार, गर्मी देने वाले कपड़ों के दाम इसलिए ज्यादा हैं क्योंकि कच्चा माल महंगा हो गया है। महंगे कच्चे माल की वजह से फिनिश्ड गुड्स 15 से 20 फीसदी महंगा हो गया है। कई एक्सपर्ट बता रहे हैं कि, इस साल अच्छी ठंड पड़ सकती है। ऐसे में गर्म कपड़ों का कारोबार भी इस बार अच्छा रहने कि उम्मीद है। व्यापारियों ने बताया कि, अगले 10 से 15 दिनों में मार्केट रफ्तार पकड़ सकती है। अभी रिटेल खरीदार अलग-अलग मार्केट में जाकर कपड़ों की क्वालिटी और प्राइज चेक कर रहे है। सस्ते और महंगे कपड़ों का अंतर परख रहे हैं। वे बाद में डिमांड के हिसाब से माल मगाएंगे। हालांकि गर्म कपड़ों के दामों में बढ़ोतरी से ग्राहक थोड़ा मायूस जरूर नजर आ रहें हैं। फिर भी ठंड से बचने के लिए खरीदारी कर रहे हैं। इस बार मार्केट में 300 रूपए से लेकर दो हजार तक के गर्म कपड़ें उपलब्ध है।
Business