सुकमा, 09 दिसंबर। Show-Cause Notice : जिला प्रशासन ने अधिकारीयों की लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए आठ पंचायत सचिवों को शो-कॉज नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देश पर सीईओ जिला पंचायत मुकुन्द ठाकुर द्वारा की गई।
बैठक में अनुपस्थिति बनी कारण
08 दिसंबर 2025 को जिला पंचायत कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जानी थी। लेकिन बैठक में आठ पंचायत सचिव बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए, जिससे जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा पूर्ण नहीं हो सकी। प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही माना और कारण बताओ सूचना जारी की। साथ ही अनुपस्थित सचिवों के 5 दिन के वेतन कटौती के निर्देश भी दिए गए।
शो-कॉज नोटिस में उल्लिखित बातें
जारी नोटिस में कहा गया है कि बैठक में अनुपस्थित रहना उच्च अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना है और यह आचरण छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (आचरण) नियम 1998 की धारा 03(1)(एक)(दो) का उल्लंघन है। इसे पदीय दायित्वों के प्रति उदासीनता माना गया है।
संबंधित सचिवों को निर्देशित किया गया है कि वे तीन दिन के भीतर जिला पंचायत सुकमा कार्यालय में उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। चेतावनी दी गई है कि यदि स्पष्टीकरण नहीं दिया गया या असंतोषजनक पाया गया, तो उनके विरुद्ध छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन और अपील) नियम 1999 की धारा 4 के तहत निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
शो-कॉज नोटिस पाए सचिव
- सोमड़ाराम मुचाकी, सचिव, ग्राम पंचायत कुन्ना, जनपद पंचायत छिंदगढ़
- मोहन राव कर्मा, सचिव, ग्राम पंचायत गादीरास, जनपद पंचायत सुकमा
- जितेन्द्र कुमार निर्मलकर, सचिव, ग्राम पंचायत मोरपल्ली, जनपद पंचायत कोंटा
- लक्ष्मी, सचिव, ग्राम पंचायत बंडा, जनपद पंचायत कोंटा
- मड़कम सुकड़ा, सचिव, ग्राम पंचायत बगड़ेगुढ़ा, अतिरिक्त प्रभारक ग्राम पंचायत चिंतलनार/गोगुंडा, जनपद पंचायत कोंटा
- बोड्डी गंगा, सचिव, ग्राम पंचायत केरलापेन्दा, जनपद पंचायत कोंटा
- सोड़ी भीमा, सचिव, ग्राम पंचायत मिलमपल्ली, जनपद पंचायत कोंटा
- हेमाराम ध्रुव, सचिव, ग्राम पंचायत गंगलेर, जनपद पंचायत कोंटा