रायपुर, 20 नवंबर। All India Forest Sports Meet : छत्तीसगढ़ ने 28वीं ऑल इंडिया फ़ॉरेस्ट स्पोर्ट्स मीट में एक बार फिर अपना परचम लहराते हुए लगातार 13वीं बार ओवरऑल चैंपियनशिप जीती है। राजधानी रायपुर स्थित मेडिकल कॉलेज परिसर में आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विजेता खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से राज्य का मान देशभर में ऊँचा किया है और उनकी यह सफलता पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है।
यह प्रतियोगिता 12 से 16 नवंबर तक देहरादून में आयोजित हुई थी, जहाँ छत्तीसगढ़ ने 253 सदस्यों की मजबूत टीम के साथ शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह एवं वन मंत्री सुबोध उनियाल ने ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान की, जिसे छत्तीसगढ़ की ओर से IFS अधिकारी श्रीमती शालिनी रैना एवं दल की नोडल अधिकारी ने ग्रहण किया।
छत्तीसगढ़ ने इस वर्ष कुल 150 पदक और 578 अंक हासिल किए, जो पहले रनर-अप से 221 अंकों की बड़ी बढ़त है। टीम ने 74 स्वर्ण, 34 रजत और 42 कांस्य पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपनी निर्णायक बढ़त सुनिश्चित की। कई खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य को गौरवान्वित किया निखिल ज़ाल्को ने तैराकी में पाँच स्वर्ण जीतकर सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी का खिताब हासिल किया। संगीता राजगोपालन ने बैडमिंटन व टेनिस में कुल चार स्वर्ण और एक रजत जीतकर सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी बनीं। थोटा संकीर्तन ने पाँच स्वर्ण के साथ महिला ओपन वर्ग की सर्वश्रेष्ठ एथलीट का सम्मान पाया। सुखनंदन लाल ध्रुव और चारुलता गजपाल ने वेटरन श्रेणी में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।
इस शानदार सफलता के पीछे वन मंत्री केदार कश्यप तथा वन बल प्रमुख व्ही. श्रीनिवास राव का मार्गदर्शन और प्रेरणादायी नेतृत्व महत्वपूर्ण रहा। उनकी दिशा और प्रोत्साहन ने टीम को लगातार नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है।
छत्तीसगढ़ वन विभाग की यह जीत केवल एक खेल उपलब्धि नहीं, बल्कि अनुशासन, मेहनत और टीम भावना का प्रतीक है, जिसने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता का नया मानक स्थापित किया है। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, नान के चेयरमैन संजय श्रीवास्तव, योग आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण सिन्हा, औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम, वक्फ बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सलीम राज, वन बल प्रमुख व्ही. श्रीनिवास राव सहित बड़ी संख्या में विजेता खिलाड़ी उपस्थित थे।

