रायपुर, 11 नवंबर। PM Janman : कबीरधाम जिले के सुदूर वनांचल और बैगा बाहुल्य क्षेत्र अब विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत अब वे गाँव भी सड़क मार्ग से जुड़ने लगे हैं, जहाँ पहले पहुँचना बेहद कठिन था। जिले के बोड़ला विकासखंड के सरई ग्राम तक सड़क निर्माण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जिससे यहाँ के ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है।
इस सड़क के बन जाने से 51 बैगा परिवारों के 371 सदस्य अब आसानी से मुख्यमार्ग तक पहुँच पा रहे हैं। पहले गाँव तक कोई पक्का मार्ग नहीं था और वाहन वहाँ तक नहीं पहुँच पाते थे। आवागमन, स्वास्थ्य सुविधा और शिक्षा जैसी मूलभूत ज़रूरतें पूरी करना ग्रामीणों के लिए बेहद कठिन था। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी।
अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है — एंबुलेंस गाँव तक पहुँचने लगी है, जिससे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध हो रही हैं। बच्चों को स्कूल, किसानों को बाजार और ग्रामीणों को आवश्यक वस्तुएँ लाने के लिए अब शहर जाना आसान हो गया है।
गाँव की महिला कमला बैगा बताती हैं, “पहले सड़क नहीं थी तो शहर जाने में आधा दिन लग जाता था। अब 15 मिनट में मुख्य सड़क तक पहुँच जाते हैं। बच्चे स्कूल जाने लगे हैं और मरीजों को एंबुलेंस की सुविधा मिल रही है। यह हमारे जीवन का सबसे बड़ा बदलाव है।”
प्रधानमंत्री जनमन योजना ने वनांचल वासियों की जीवनधारा ही बदल दी है। यह योजना न सिर्फ भौगोलिक दूरी मिटा रही है बल्कि सामाजिक और आर्थिक दूरी भी घटा रही है। अब वनांचल के लोग मुख्यधारा से जुड़कर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता श्री संतोष ठाकुर ने बताया कि जनमन योजना के तहत कबीरधाम जिले में वर्ष 2023-24 से अब तक जनजातीय बहुल क्षेत्रों में पहुँच मार्ग निर्माण हेतु 76 सड़कों की स्वीकृति दी गई है। इनमें से 8 सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष सड़कों का निर्माण तेजी से जारी है।

