Faridabad Breaking
फरीदाबाद के रोशन नगर इलाके में ‘दृश्यम’ फिल्म से प्रेरित एक चौंकाने वाला मर्डर केस सामने आया है, जहां ससुराल वालों ने बहू की हत्या कर लाश को घर के सामने खुदवाए गए 12 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया। हत्या के दो महीने बाद शव बरामद होने पर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
बता दें कि 22 वर्षीय तन्नू राजपूत की शादी 2023 में अरुण से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल में विवाद शुरू हो गए। 23 अप्रैल को तन्नू ‘लापता’ हो गई और ससुराल पक्ष ने दावा किया कि वह खुद अपनी मर्जी से घर छोड़कर चली गई। लेकिन मायके वालों को शुरू से ही शक था।
Faridabad Breaking
वहीं परिजनों ने डीसीपी से मिलकर कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद जांच तेज हुई। राजमिस्त्री के बयान से खुलासा हुआ कि टॉयलेट के लिए खुदवाया गया गड्ढा अचानक बिना कारण भर दिया गया था। शुक्रवार को पुलिस ने खुदाई कर शव बरामद किया।
मृतका की बहन प्रीति ने आरोप लगाया कि ससुर भूप सिंह ने पहले से तन्नू का एक वीडियो बनवाया था जिसमें वह कहती है कि वह घर छोड़कर जा रही है – इस वीडियो का इस्तेमाल पुलिस को गुमराह करने में किया गया। प्रीति और भाई योगेश का कहना है कि ससुर, सास, पति और अन्य परिजन लगातार तन्नू को दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे।
Faridabad Breaking
पुलिस ने ससुर भूप सिंह को हिरासत में लिया है और बाकी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। इस मामले में पुलिस पर भी जांच में लापरवाही और देरी के आरोप लगे हैं। परिजन इसे ‘दृश्यम’ फिल्म जैसी साजिश बताते हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं।
यह मामला न केवल एक निर्मम हत्या की कहानी है, बल्कि यह भी दिखाता है कि कैसे फिल्मों से प्रेरित होकर अपराध को छिपाने की कोशिश की जाती है — लेकिन सच ज़मीन के नीचे भी ज़्यादा देर दफन नहीं रहता।

