Congress Manifesto Coordination Committee
रायपुर। AICC ने छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव को बड़ी जिम्मेदारी दी है। मिली जानकारी के मुताबिक TS सिंहदेव को चार राज्यों का मेनिफेस्टो कोऑर्डिनेशन कमेटी का प्रभारी बनाया गया है। दरअसल हरियाणा, जम्मू कश्मीर, महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव होने को हैं, जिसके तहत इन राज्यों की जिम्म्मेदारी सिंहदेव को दी गई है। अब इन राज्यों में तैयार होने वाले घोषणा पत्र के लिए कोऑर्डिनेशन का काम सिंहदेव करेंगे।
सिंहदेव को ये जिम्मेदारी उनके पिछले अनुभव को देखते हुए दी गई है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में 2018 के विधानसभा चुनाव में घोषणा पत्र बनाने में टीएस सिंहदेव ने बड़ी अहम भूमिका निभाई थी। इन्ही घोषणा पत्र के बदौलत छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सत्ता में आई थी। जिसके तहत 15 साल सत्ता में रही भाजपा 15 सीटों में सिमट गई थी। वही सिंहदेव के साथ अमिताभ दुबे को भी मेनिफेस्टो कमेटी का कोऑर्डिनेटर बनाया गया है।
बता दें कि छत्तीसगढ़ में 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने सिंहदेव को घोषणा पत्र समिति का संयोजक बनाया था। उन्होंने पूरे प्रदेश का दौरा कर अलग-अलग वर्ग समुदाय के लोगों से मुलाकात की थी। सिंहदेव ने ऐसी योजनाएं बनाई कि जनता प्रभावित हुई और कांग्रेस को प्रदेश की 90 में से 68 सीटें मिली थी। जिसमें बिजली बिल हाफ, किसानों की कर्ज माफ़ी, धान का 2500 रुपए समर्थन मूल्य जैसी बड़ी घोषणाएं कांग्रेस के लिए गेम चेंजर साबित हुई थी।

