Weather Today
रायपुर। देश में मौसम ने एक बार फिर से करवट ली है। उत्तर भारत के कई हिस्से भीषण गर्मी और उमस का सामना कर रहे हैं, वहीं मध्य और दक्षिण भारत में प्री-मानसून की गतिविधियां तेज़ हो गई हैं। अरब सागर में सक्रिय हो रहा तूफान ‘शक्ति’ भी मौसम को प्रभावित कर रहा है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में तेज हवाओं, आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
सबसे पहले बात दिल्ली-एनसीआर की करें तो राजधानी में गर्मी लोगों की परेशानी का सबब बन गई है। आज अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 30 डिग्री तक रहने की संभावना है। हवा की रफ्तार 9 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है। दिल्ली-एनसीआर में कल आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं हीट इंडेक्स 50 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है, जिससे उमस भरी गर्मी लोगों को और अधिक परेशान कर सकती है।
Weather Today
अब रुख करते हैं मध्य भारत की ओर। मध्य प्रदेश में मौसम लगातार बदला हुआ नजर आ रहा है। राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री तक रह सकता है। हवाएं 15 से 41 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि अरब सागर में एक चक्रवात सक्रिय हो रहा है, जिसे ‘शक्ति’ नाम दिया गया है। इसके प्रभाव से प्रदेश में तेज बारिश के आसार बन रहे हैं। आज शनिवार को मध्य प्रदेश के 47 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में इस बार नौतपा के दौरान भी अच्छी बारिश की संभावना जताई जा रही है। अब तक मई महीने में प्रदेश में औसतन 32 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है, जिसमें झाबुआ में सबसे अधिक 92.7 मिमी वर्षा हुई है।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी गर्मी चरम पर है। यहां आज अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री तक पहुंच सकता है। हवाएं 15 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। राज्य में गर्मी और उमस का प्रभाव स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी यूपी में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
Weather Today
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आज मौसम बिगड़ सकता है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री तक रह सकता है। हवाओं की रफ्तार 11 से 50 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई इलाकों में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा (7 से 11 सेमी तक) हो सकती है। देहरादून सहित कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश का भी अनुमान है।
छत्तीसगढ़ में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में आज अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक रह सकता है। हवा की रफ्तार 9 से 19 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ में पिछले एक सप्ताह से प्री-मानसून की गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं। प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 24 मई को केरल में दस्तक दे दी है, और अब अनुमान लगाया जा रहा है कि 3 से 4 जून के बीच मानसून छत्तीसगढ़ में भी प्रवेश कर सकता है।
Weather Today
वहीं अगर बात करें केरल की, तो वहां मानसून ने तेजी पकड़ ली है। कल कन्नूर, कासरगोड, कोझीकोड और वायनाड में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश (20 सेंटीमीटर तक) हो सकती है। त्रिशूर, पलक्कड़ और मलप्पुरम में भी भारी वर्षा का अनुमान है। हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। तापमान भी सामान्य बना रहेगा—अधिकतम 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 से 26 डिग्री के बीच।
देश के अलग-अलग हिस्सों में इस समय मौसम के विभिन्न रंग देखने को मिल रहे हैं। कहीं भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं, तो कहीं बारिश राहत बनकर बरस रही है। आने वाले कुछ दिनों में मानसून की सक्रियता और तूफान ‘शक्ति’ की दिशा पर देश का मौसम काफी हद तक निर्भर करेगा। ऐसे में मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेना और सतर्क रहना बेहद जरूरी हो गया है।
read more – 27 May 2025 Ka Rashifal : अमावस्या पर किस राशि को बरतनी होगी खास सावधानी और किसके लिए चमकेगा भाग्य