Saja MLA Ishwar Sahu
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के साजा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक ईश्वर साहू के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। इस पोस्ट में देश की सर्वोच्च न्यायपालिका सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियाँ की गईं, जिससे राजनीतिक और कानूनी हलकों में खलबली मच गई है।

बता दें कि पोस्ट बीते 24 घंटे के भीतर सोशल मीडिया पर वायरल हुई, जिसके बाद विधायक ईश्वर साहू ने बयान जारी कर कहा कि यह अकाउंट उनका नहीं है और कोई उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए यह साज़िश कर रहा है। उन्होंने इस मामले को विरोधी राजनीतिक दल की सोची-समझी चाल करार दिया।
Saja MLA Ishwar Sahu
विधायक ने कहा कि “कोई मेरे नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर समाज में भ्रम फैला रहा है। यह मेरी छवि को धूमिल करने की साज़िश है। मैंने इस संबंध में बेमेतरा एसपी से बात की है और FIR दर्ज करवाई है।”
वही डिप्टी सीएम अरुण साव ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “आजकल अकाउंट हैक होना आम बात हो गई है। कांग्रेस इस मामूली बात को तूल दे रही है। यह कांग्रेस की सोची-समझी राजनीति हो सकती है।”
क्या है अगला कदम? इस पूरे मामले की जांच अब साइबर सेल और पुलिस के हाथ में है। यह देखा जाएगा कि यह फर्जी अकाउंट किसने बनाया, और इसके पीछे किसका इरादा था। चूंकि मामला संवेदनशील है और देश की न्यायपालिका से जुड़ा है, इसलिए इसकी गंभीरता और बढ़ गई है।

