रोहतास/रायपुर, 27 नवंबर। Red Light Area : बिहार के रोहतास जिले के सासाराम से एक बड़ी खबर सामने आई है। नासरीगंज थाना क्षेत्र के बड़ीहा गांव स्थित रेड लाइट एरिया में पुलिस ने साझा छापेमारी कर 17 लड़कियों को रेस्क्यू किया है। रेस्क्यू की गई लड़कियों में 10 छत्तीसगढ़ की हैं, जबकि 7 लड़कियां बिहार के विभिन्न जिलों से लाई गई थीं।
नाचा पार्टी के नाम पर लड़कियों का शोषण
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शादी-विवाह के सीजन में जिले में बड़ी संख्या में नाच पार्टी आयोजित होती हैं, जिनमें अन्य राज्यों से डांसर बुलाए जाते हैं। इसी बहाने लड़कियों को विभिन्न राज्यों से लाकर शारीरिक और आर्थिक शोषण से जुड़े अनैतिक कार्यों में धकेला जा रहा था।
गुप्त सूचना पर कार्रवाई
गुप्त सूचना मिलने के बाद नासरीगंज थाना और अन्य पुलिस अधिकारियों की टीम ने बड़ीहा गांव में अचानक छापेमारी की। मौके से सभी 17 लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और बाद में पुलिस सुरक्षा में ले जाया गया।
बिक्रमगंज के एसपी संकेत कुमार ने बताया कि उन्हें इन लड़कियों को अनैतिक कार्यों में शामिल किए जाने की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा, गुप्त सूचना के आधार पर पता चला कि बड़ीहा गांव में दूसरे राज्यों से लड़कियां लाकर नाच पार्टी में अनैतिक कार्य कराया जा रहा है। तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 17 लड़कियों को मुक्त कराया।
पुलिस ने सभी लड़कियों को मेडिकल जांच (Red Light Area) के लिए भेज दिया है और उसके बाद उन्हें महिला सहायता संगठनों की देखरेख में सौंप दिया जाएगा। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं। यह कार्रवाई जिले में मानव तस्करी और नाच-पार्टी की आड़ में चलने वाले अवैध गतिविधियों पर बड़ी चोट मानी जा रही है।


