Raipur Breaking
रायपुर। राजधनी रायपुर में बर्खास्त B.Ed महिला सहायक शिक्षकों का प्रदर्शन नवा रायपुर के तूता धरनास्थल पर जारी है। वहीं प्रदर्शन कर रही महिलाएं अपनी नौकरी की बहाली के लिए मंत्री ओपी चौधरी के बंगले के बाहर पहुंचकर नारेबाजी कर रही हैं। प्रदर्शनकारी महिलाएं रोते-रोते अपनी मांगों को लेकर आक्रोशित हैं और समायोजन की मांग कर रही हैं। इस प्रदर्शन को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, जो लगातार महिलाओं को धरना स्थल पर जाने की समझाइश दे रहे हैं।
31 दिसंबर 2024 को छत्तीसगढ़ सरकार ने बीएड डिग्रीधारी लगभग 3000 सहायक शिक्षकों को बर्खास्त कर दिया था। इसके बाद से यह सहायक शिक्षक नवा रायपुर में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसमें उन्होंने विभिन्न तरीके अपनाए हैं जैसे बीजेपी कार्यालय का घेराव, जल समाधि, शव यात्रा और अर्धनग्न प्रदर्शन।
यह प्रदर्शन पिछले एक महीने से चल रहा है, और महिलाएं अपनी नौकरी की बहाली के लिए सरकार से अपील कर रही हैं। वहीं प्रदर्शनकारियों को हटाने में लगी पुलिस ने काफी देर तक समझाइश के बाद, जब प्रदर्शनकारी नहीं उठे तब पुलिस ने जबरदस्ती करके उन्हे हटाना शुरू कर दिया। जिसमे एक महिला पुलिस गाड़ी के बाहर लटकती हुई दिखाई दी। इसके बावजूद पुलिस गाड़ी को नहीं रोका गया। फिलहाल पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया है।