
Punjab Flood 2025 : पंजाब इस समय एक गंभीर प्राकृतिक आपदा का सामना कर रहा है। राज्य के नौ जिलों में भीषण बाढ़ ने तबाही मचा दी है। भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं ने जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई निचले इलाकों के गांव जलमग्न हो गए हैं, जिससे हजारों लोग बेघर हो गए हैं। लोग अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हैं। बाढ़ की इस विकट स्थिति में जहां एक ओर सरकारी एजेंसियां राहत कार्य में जुटी हैं, वहीं दूसरी ओर कई बॉलीवुड और पंजाबी कलाकार भी लोगों की मदद के लिए आगे आए हैं।



Punjab Flood 2025 : सबसे पहले बात करें दिलजीत दोसांझ की, तो उनका फाउंडेशन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय रूप से राहत कार्य कर रहा है। दिलजीत की टीम पीड़ितों तक जरूरी सामान, भोजन, पानी और दवाइयां पहुंचा रही है। सोशल मीडिया के माध्यम से दिलजीत लगातार लोगों को जागरूक कर रहे हैं और राहत के लिए प्रेरित भी कर रहे हैं।
Punjab Flood 2025 : गायक और अभिनेता गुरु रंधावा ने भी इस आपदा में बड़ी भूमिका निभाई है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें उनकी टीम गांवों में जाकर हर दिन जरूरतमंदों की मदद करती नजर आ रही है। गुरु रंधावा ने लिखा, “टीम रंधावा हर दिन गांव-गांव जाकर लोगों को राहत सामग्री पहुंचा रही है। पंजाब और हर उस राज्य के लिए प्रार्थना करिए जो इस आपदा से प्रभावित हो रहा है।”

Punjab Flood 2025 : सोनू सूद, जो महामारी के दौरान लोगों की मदद कर चुके हैं, एक बार फिर से लोगों के लिए मसीहा बनकर सामने आए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “मैं पंजाब के साथ खड़ा हूं। जो भी इस बाढ़ से प्रभावित हुआ है वो अकेला नहीं है। हम सभी मिलकर हर उस शख्स की मदद करेंगे जिसे इसकी जरूरत है।” सोनू ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी संकोच के बिना मदद के लिए उनसे संपर्क करें। उन्होंने आगे कहा, “पंजाब मेरी आत्मा है। अगर ये मेरा सबकुछ ले लेता है तो भी मैं पीछे नहीं हटूंगा। हम पंजाबी हैं और हम हिम्मत नहीं हारते।”

Punjab Flood 2025 : बादशाह ने भी अपनी चिंता सोशल मीडिया के माध्यम से व्यक्त की। उन्होंने लिखा, “पंजाब परेशानी में है। यह सिर्फ अभी की बात नहीं है, बल्कि भविष्य को लेकर भी गंभीर चिंता का विषय है। हमें एकजुट होकर पंजाब को फिर से बनाना होगा।”
Punjab Flood 2025 : इसके अलावा शिल्पा शेट्टी, हिमांशी खुराना, प्रीति जिंटा, संजय दत्त और भारती सिंह जैसे सितारों ने भी सोशल मीडिया पर अपना दुख और समर्थन व्यक्त किया है। प्रीति जिंटा ने लिखा, “पंजाब में बाढ़ के बारे में सुनकर बहुत दिल दुखा। मेरी प्रार्थनाएं सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं। सभी सुरक्षित रहें।”
Punjab Flood 2025 : इस मुश्किल समय में इन सितारों की मदद और संवेदना ने लाखों लोगों को राहत दी है और यह दिखाया है कि मानवता अब भी जिंदा है। बाढ़ के इस संकट में जरूरत है कि और लोग भी आगे आएं और मिलकर इस आपदा से जूझते पंजाब को फिर से खड़ा करें।