रायपुर, 20 अगस्त। New Governor and Speaker : छत्तीसगढ़ के दिग्गज भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को महाराष्ट्र का अगला राज्यपाल बनाया जा सकता है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, रमन सिंह पिछले दो दिनों से दिल्ली में थे और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इसी मुलाकात के बाद से यह लगभग तय माना जा रहा है कि उन्हें जल्द ही महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया जाएगा। हालांकि, आधिकारिक घोषणा अभी तक नहीं हुई है।
अमर अग्रवाल हो सकते हैं नए स्पीकर
रमन सिंह फिलहाल छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष हैं। उनके राज्यपाल बनने की संभावना के बीच यह भी खबर है कि उनकी जगह अमर अग्रवाल को विधानसभा अध्यक्ष बनाया जा सकता है। अमर अग्रवाल छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक वरिष्ठ चेहरा रहे हैं और पूर्व मंत्री भी रह चुके हैं।
छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल
आज पौने दो साल बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार ने बड़ा कैबिनेट विस्तार किया है। तीन नए चेहरे कैबिनेट में शामिल किए गए हैं। इसे पार्टी के संगठनात्मक संतुलन और 2028 की तैयारियों के तौर पर देखा जा रहा है।
रमन सिंह का राजनीतिक सफर
डॉ. रमन सिंह का राजनीतिक करियर कवर्धा नगर पालिका के पार्षद (Governor and Speaker) से शुरू हुआ था। वे सांसद, केंद्रीय मंत्री और फिर 2003 से 2018 तक छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रहे। 2023 में वे फिर से विधायक चुने गए और विधानसभा अध्यक्ष बने। अगर उन्हें महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया जाता है, तो यह उनके राजनीतिक करियर का एक और बड़ा मुकाम होगा।